सुनिए शहर की ताजातरीन खबरें-
मुजफ्फरनगर चरथावल विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक और प्रदेश के बाढ़ नियंत्रण एवं राजस्व राज्यमंत्री विजय कश्यप का कोरोना से निधन हो गया। वे करीब 20 दिनों से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती थे। मंगलवार की रात करीब दस बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। पीएम मोदी व मुख्यमंत्री सीएम योगी ने उनके निधन पर शोक जताया है।
मेरठ के सरूरपुर में बुधवार सुबह मेरठ-बड़ौत रोड पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में कार सवार दिल्ली पुलिस के सिपाही की मौत हो गई। बताया गया कि यह सड़क हादसा कलीना गांव के पास सिपाही को नींद की झपकी आने के कारण हुआ है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विरोध की झूठी पोस्ट डालने वाले कांग्रेसी नेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मेरठ दौरा ठीक रहा है, इसके बावजूद कांग्रेस नेता ओमवीर सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाल दी। पोस्ट में लिखा था कि मुख्यमंत्री खरखौदा थाना क्षेत्र के बिजौली गांव में जा रहे थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने उन्हें प्रवेश नहीं करने दिया और उनका विरोध किया। वहीं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि यह पोस्ट झूठी है। इसके चलते कांग्रेस नेता ओमवीर सिंह के खिलाफ खरखौदा थाने में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।
कोरोना महामारी के बीच मेरठ में निजी अस्पतालों की मनमानी नहीं रुक रही है। सीएम योगी आदित्यनाथ के दौरे के बाद भी अस्पताल मरीजों से मनमाने रेट वसूल रहे हैं। एक दिन में मरीज से 20 हजार तक की दवाइयां मंगवाई जा रही हैं। दो दिन में चार ऑक्सीजन सिलिंडर लगाने के दावे किए जा रहे हैं। सिलिंडर के नाम पर 3500 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। आलम यह है कि अपनों के इलाज के लिए कोई घर गिरवी रखकर पैसे जुटा रहा है तो बिल न चुकाने पर तीमारदार को गैलरी में बैठाया जा रहा है।
जनौर के नजीबाबाद थानाक्षेत्र में अहमदपुर सादात साधन सहकारी समिति द्वारा यूरिया खाद घोटाले को लेकर किसानों ने जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पहुंचे एसडीएम ने यूरिया खाद का स्टॉक देखा तो 350 यूरिया खाद के कट्टे कम मिले। एसडीएम ने तत्काल आरोपी खाद इंचार्ज को नगीना देहात पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं इस मामले को गंभीरता से लेते हुए गोदाम इंचार्ज और चैकीदार को निलंबित कर दिया गया।
मुजफ्फरनगर में भोपा पुलिस ने 37 कछुए व तीन अजगर की तस्करी करने जा रहे दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार इन वन्य जीवों को बेचने के लिए दिल्ली लेकर जा रहे थे। बरामद किए गए कछुओं व अजगरों की कीमत 40 से 50 लाख रुपये बताई गई है।
मेरठ चुनावी रंजिश को लेकर देहात सुलग रहा है। कई गांवों में खूनी संघर्ष हो चुका है। इसमें कई लोगों की जान तक चली गई। खुफिया विभाग ने इनपुट दिया है कि अभी कई गांवों में खूनखराबा होने के आसार हैं। इसके बाद भी पुलिस अलर्ट नहीं हुई है।
किठौर थाना क्षेत्र के बोंद्रा गॉव में चुनाव रंजिश में एक युवक की हत्या, इंचौली के मसूरी गॉव में जिपं सदस्य अरूण चौधरी की गुंडागर्दी, दौराला, जानी, फलावदा सहित कई गांव में खूनखराबा हो चुका है। बताया गया कि पंचायत चुनाव में वोट देने और न देने को लेकर लोगों पर कमेंट किए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी प्रतिक्रियाएं दी जा रही हैं। इसके चलते विवाद, खींचतान और तनाव बढ़ रहा है।
मेरठ के चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय कैंपस-कॉलेजों में 20 मई से ऑनलाइन कक्षाएं शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रीष्मकालीन अवकाश को 31 मई की बजाय 19 मई तक कर दिया गया है। वहीं, 21 मई से कैंपस के विभाग 50 फीसदी कर्मचारियों की उपस्थिति की शर्त के खुल जाएंगे। जरूरी प्रमाण पत्र बनवाए जा सकेंगे। छात्र-छात्राओं की पढ़ाई के नुकसान को देखते हुए ये निर्णय लिया गया है। वहीं, जिले के सीबीएसई और यूपी बोर्ड के स्कूलों में 20 मई से ऑनलाइन कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। स्कूलों की ओर से बनाए गए वाट्सएप ग्रुप पर कक्षाओं का शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है।
अरब सागर से उठे तूफान ताउते का प्रभाव पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दिखने लगा है। मंगलवार को दिनभर यहां का मौसम बदला रहा। छह किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी भी हुई। बुधवार को भी तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि ताउते के आने से इस बार मई में बारिश का रिकॉर्ड टूट सकता है। मई में अब तक 24.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से भी सोमवार के बाद मंगलवार को मौसम का मिजाज बदला रहा। तेज हवाओं और बूंदाबांदी के कारण मौसम सुहावना रहा। दिन के तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, रात का तापमान उछल कर 24 के पार पहुंच गया। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने व ताउते की दस्तक से वेस्ट यूपी के मेरठ समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है।
... Read More