भारतीय खिलाड़ियों ने साल 2018 में सफलता के झंडे गाड़े और अपने-अपने खेल में बड़ा मुकाम हासिल किया। भारत के पांच खिलाड़ी फैंस के चहेते बने, जिन्हें इंटरनेट पर सबसे ज्यादा सर्च किया गया। उल्लेखनीय है कि इस लिस्ट में क्रिकेटर्स में सिर्फ विराट कोहली का नाम शामिल हैं। अब साल खत्म होने को आ या है, तो चलिए आपको बताते हैं कि इंटरनेट पर किन पांच भारतीय एथलीटों को सबसे ज्यादा सर्च किया गया।
विराट कोहली- विराट कोहली का शानदार फॉर्म और आक्रामक अंदाज फैंस को काफी रास आया और यही वजह रही कि वह साल 2018 में सबसे ज्यादा सर्च किए जाने वाले भारतीय खिलाड़ी बने। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली के बारे में एक महीने में करीब एक करोड़ बार सर्च करने का आंकड़ा पाया गया। टीम इंडिया की रन मशीन कोहली वन-डे में सबसे तेज 10,000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बने।
हिमा दास- आईएएएफ अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप्स की ट्रैक इवेंट 400 मीटर रेस में गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली भारतीय एथलीट बनने पर हिमा सुर्खियों में छा गईं। ढिंग एक्सप्रेस के नाम से मशहूर हिमा ने एशियाई खेल में एक गोल्ड और दो सिल्वर सहित कुल तीन मेडल जीते। इसके अलावा हिमा दास को यूनिसेफ ने अपना यूथ एम्बेस्डर भी बनाया। यही वजह रही कि हिमा दास की फैन फॉलोइंग में जबरदस्त इजाफा हुआ और उनके बारे में एक महीने में करीब 10 लाख लोगों ने इंटरनेट पर सर्च किया।
नीरज चोपड़ा- भालाफेंक नीरज चोपड़ा के लिए साल 2018 बेहतरीन बीता। उन्होंने चार गोल्ड मेडल जीते। इसके बाद लोगों में जानने की होड़ मच गई कि नीरज चोपड़ा है कौन? इंटरनेट पर एक महीने में करीब एक लाख लोगों ने उन्हें खोजा। जूनियर विश्व चैंपियन गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स में 86.47 मीटर का थ्रो फेंककर गोल्ड मेडल जीतने वाले पहले भारतीय बने। इसके बाद एशियाई खेल में भी नीरज ने गोल्ड मेडल जीता और देश का नाम रोशन किया।
एमसी मैरीकॉम- भारत की स्टार महिला मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम ने 2018 में चार गोल्ड मेडल जीते। एक महीने में करीब एक लाख लोगों ने उन्हें सर्च किया। 36 वर्षीया और तीन बच्चों की मां मैरीकॉम ने रिकॉर्ड छठा विश्व खिताब जीता और देश का सम्मान बढ़ाया। मैरीकॉम ने साल की शुरुआत इंडिया ओपन में गोल्ड मेडल के साथ की और साल का अंत विश्व चैंपियनशिप गोल्ड के साथ किया।