49 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीतकर मीराबाई चानू ने देश का नाम रोशन कर दिया। इसके साथ ही ओलंपिक खेलों में भारत के भारोत्तोलन पदक के 21 साल का इंतजार भी खत्म हो गया है। ओलंपिक में पदक जीतने पर उनकी इस उपलब्धि पर देश में जश्न का माहौल है। इस बीच चानू कानों में ओलंपिक रिंग्स पहने नजर आईं, जो रियो ओलंपिक के दो महीने बाद उनकी मां ने उपहार में दिए थे।
मां ने प्रेरित करने के लिए दिया था उपहार
मीराबाई ने कहा कि, 'मैं अब भी इसे पहनती हूं। रियो के बाद मैं बहुत निराश थी और इसलिए मेरी मां ने मुझे प्रेरित करने के लिए इसे उपहार में दिया।' मालूम हो कि टोक्यो ओलंपिक में भारत को आज पहला पदक मिला है। वेटलिफ्टिंग के 49 किलोग्राम में मीराबाई चानू ने पदक जीता है। इससे पहले मीराबाई चानू ने कई रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज किए हैं।
2 of 6
मीराबाई चानू
- फोटो : PTI
मीराबाई ने बताया कि पांच साल पहले उनकी मां ने इस उपहार के लिए अपने सोने के गहने बेचे थे। उनको उम्मीद थी कि ये ओलंपिक रिंग्स उनके लिए 'गुड लक' लाएंगे। मीराबाई ने स्नैच में 87 किलो, जबकि क्लीन एंड जर्क में 115 किलो का भार उठाया। उन्होंने कुल 202 किलोग्राम का भार उठाया। इसके साथ ही वह टोक्यो 2020 में पदक जीतने वाली पहली जबकि ओलंपिक के इतिहास में वेटलिफ्टिंग में मेडल जीतने वाली दूसरी भारतीय बन गई हैं। मीराबाई चानू टोक्यो ओलंपिक्स में वेटलिफ्टर के तौर पर देश का प्रतिनिधित्व करने वालीं एकमात्र खिलाड़ी हैं।
3 of 6
मीराबाई चानू
- फोटो : PTI
यह पहला मौका नहीं है जब चानू ने देश का नाम रोशन किया है। साल 2014 में हुए ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में उन्होंने भारत के लिए सिल्वर मेडल जीता था। इस कैटेगरी का गोल्ड भी भारत के खाते में ही आया था। इसके बाद साल 2016 के रियो ओलंपिक गेम्स के क्वालीफाई मैच में मीराबाई चानू ने उनकी आदर्श वेटलिफ्टर कुंजरानी को हराकर रियो ओलंपिक गेम्स में अपनी जगह बनाई।
4 of 6
मीराबाई चानू
- फोटो : PTI
मीराबाई ने साल 2017 में हुई वर्ल्ड वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में 48 किलोग्राम वर्ग में गोल्ड मेडल हासिल कर देश का नाम रोशन किया था। इसके बाद उन्होंने 2018 में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में भी गोल्ड मेडल जीता था।
5 of 6
मीराबाई चानू
- फोटो : PTI
मणिपुर की रहने वाली मीराबाई चानू भारत की स्टार वेटलिफ्टिंग खिलाड़ी हैं। मीराबाई चानू को पद्मश्री और खेल रत्न से भी नवाजा जा चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें ओलंपिक में रजत पदक जीने पर बधाई दी। अपने बधाई संदेश में पीएम मोदी ने कहा, इससे अच्छी शुरूआत नहीं हो सकती, भारत उनके शानदार प्रदर्शन से उत्साहित है, उनकी सफलता हर भारतीय को प्रेरित करती है।