21वें कॉमनवेल्थ के चौथे दिन की भारत की गोल्डेन शुरआत हुई। गोल्ड कोस्ट में रविवार को भारत ने शानदार प्रदर्शन किया। सुबह की शुरुआत के साथ ही भारत के खाते में एक गोल्ड मेडल आया। कुल मिलाकर चौथे दिन भारत के खाते में 5 मेडल आए। कुल मिलाकर भारत ने अभी तक के मुकाबले में 11 मेडल अपने नाम दर्ज किया, जिसमें 6 गोल्ड, 2 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज मेडल आए हैं। आइजे जानते चौथे दिन किन-किन खिलाड़ियों ने मेडल पर कब्जा कियाः-
भारतीय महिला वेटलिफ्टर पूनम यादव ने 69 किलो भारवर्ग में गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने कुल 222 किलोग्राम भार उठाकर गोल्ड मेडल पर कब्जा किया है। उन्होंने इंग्लैंड की सारा डेविस को पछाड़कर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। पूनम यादव से आगे निकलने के लिए सारा को आखिरी राउंड में कुल 128 किलोग्राम भार उठाना था, लेकिन उनके असफल प्रयास के चलते पूनम के खाते में गोल्ड आ गिरा।
भारत की स्टार महिला शूटर मनु भाकर ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में गोल्ड मेडल जीता। आखिरी शॉट में भाकर ने 10.4 पॉइंट हासिल करके गोल्ड मेडल हासिल कर लिया है। 16 साल की मनु ने रिकॉर्ड कुल 240.9 अंकों से साथ गोल्ड पर कब्जा किया। वहीं, हीना सिद्धू ने 234.0 अंकों के साथ सिल्वर मेडल जीता। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के ऐलेना गालीबॉविच को ब्रॉन्ज मेडल से ही संतोष करना पड़ा।
पुरुषों की 10 मीटर एयर रायफल स्पर्धा में भारत के रवि कुमार ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। उन्होंने आखिरी शॉट में 10.2 अंकों साथ कांस्य पदक पर कब्जा किया। इस मुकाबले में उन्होंने कुल 224.1 अंक हासिल किए।
भारतीय पुरुष वेटलिफ्टर विकास ठाकुर ने पुरुषों की 94 किलोग्राम कैटेगरी में ब्रॉन्ज मेजल जीता है। विकास ने कुल 352 किग्रा भारवर्ग के साथ कांस्य पदक पर कब्जा किया। उन्होंने पहले प्रयास स्नैच राउंड में 159 और क्लीन एंड जर्क राउंड में 192 किग्रा का वजन उठाया।