टीम इंडिया के ऑलराउंडर युवराज सिंह फुटबॉल के बड़े दीवाने हैं। रूस में चल रहे फुटबॉल विश्व कप पर उनका बारीकी से ध्यान लगा हुआ है। टीम इंडिया के 2007 वर्ल्ड टी-20 और 2011 विश्व कप के हीरो युवराज सिंह फिलहाल राष्ट्रीय टीम में वापसी के लिए मेहनत कर रहे हैं। हालांकि, उनका बल्ला रन नहीं उगल रहा है।
युवराज सिंह इस टीम को बनते देखना चाहते हैं चैंपियन, गोल्डन बूट के लिए इस स्टार पर खेला दांव
हाल ही में युवराज सिंह ने आईपीएल में किंग्स इलेवन पंजाब का प्रतिनिधित्व किया, लेकिन वह टीम से अंदर-बाहर होते रहे। टूर्नामेंट में युवी ने 8 मैच खेले और सिर्फ 65 रन बनाए। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 20 रन रहा। पंजाब की टीम ने टूर्नामेंट की धमाकेदार शुरुआत की, लेकिन उसका प्रदर्शन भी ऐसा बिगड़ा कि वह प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी।
बहरहाल, युवराज सिंह इस समय अपने परिवार के साथ खुशनुमा समय बिता रहे हैं। मगर खेल के प्रति उनकी दीवानगी में कोई कमी नहीं आई है। युवी ने हाल ही में अपनी इच्छा जताई कि वह फ्रांस को 2018 फीफा विश्व कप जीतते हुए देखना चाहते हैं। यहीं नहीं, वह उन्होंने एक कदम आगे बढ़ते हुए ब्राजील के स्टार फुटबॉलर नेमार जूनियर पर गोल्डन बूट का दांव भी खेल दिया।
A post shared by Yuvraj Singh (@yuvisofficial) on
बता दें कि रूस में चल रहे फीफा विश्व कप में कुल 32 टीमें हिस्सा ले रही हैं। 14 जून से शुरू हुए इस टूर्नामेंट का फाइनल मैच 15 जुलाई को खेला जाएगा। ब्राजील की टीम विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत रविवार को स्विट्जरलैंड के खिलाफ करेगी। फैंस को नेमार से इस मुकाबले में करिश्माई प्रदर्शन की उम्मीद है।
वैसे, स्विट्जरलैंड को स्टार टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर का समर्थन हासिल है। स्विस खिलाड़ी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर फैंस से सवाल किया है कि मेरे अलावा और कौन स्विट्जरलैंड को सपोर्ट करने वाला है। 2014 फीफा विश्व कप में देखने को मिला था कि स्विट्जरलैंड के मैच के दौरान फेडरर ने अलग-अलग एक्सप्रेशंस के साथ फोटो भी शेयर किए थे।