Somvati Amavasya 2023 Upay: आज साल की पहली सोमवती अमावस्या मनाई जा रही है। हिंदू धर्म में सोमवती अमावस्या का खास महत्व होता है। सोमवार के दिन पड़ने वाली अमावस्या को सोमवती अमावस्या कहते हैं। सोमवती अमावस्या के दिन स्नान-दान, पुण्य और पितरों को तर्पण किया जाता है। शास्त्रों के अनुसार, सोमवती अमावस्या के दिन स्नान दान और पूजा पाठ का विशेष महत्व होता है। कहा जाता है कि इस दिन पवित्र नदियों में स्नान करने और दान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। शिव जी को समर्पित होने का कारण सोमवती अमावस्या का बहुत महत्व माना जाता है। इस दिन सुहागिन महिलाएं पति की लंबी आयु के लिए व्रत करती हैं और पीपल के वृक्ष की पूजा करती हैं। साथ ही पति की दीर्घायु होने की कामना भी करती हैं। इसके अलावा इस दिन कुछ उपाय करने से सौभाग्य में वृद्धि होती है। चलिए जानते हैं भाग्योदय के लिए सोमवती अमावस्या के दिन कौन से उपाय करने चाहिए...
Somvati Amavasya 2023 Upay: सोमवती अमावस्या पर जरूर करें ये उपाय, दरिद्रता होगी दूर और अधूरे काम होंगे पूरे
शिवजी का करें अभिषेक
सोमवती अमावस्या सोमवार के दिन पड़ती है। इसलिए इस दिन शिव जी की पूजा जरूर करें। शिवलिंग पर कच्चे दूध और दही से अभिषेक करें और काले तिल अर्पित करें। साथ ही इस दिन भगवान शिव का रुद्राभिषेक जरूर करें। इससे आपके अधूरे काम पूरे होंगे।
पितरों के लिए तर्पण करें
सोमवती अमावस्या के दिन पितरों के लिए तर्पण करना चाहिए। इस दिन अपने पितरों का ध्यान करते हुए पीपल के पेड़ पर गंगाजल, काले तिल, चीनी, चावल, जल और पुष्प अर्पित करें साथ ही 'ॐ पितृभ्य: नम:' मंत्र का जाप करें। इससे आप पर पितरों का आशीर्वाद बना रहेगा।
भगवान विष्णु और पीपल के वृक्ष की करें पूजा
सोमवती अमावस्या के दिन भगवान विष्णु और पीपल के वृक्ष की पूजा करें। पूजन से पहले खुद पर गंगाजल का छिड़काव करें। फिर पीपल के वृक्ष का पूजन करने के बाद पीले रंग के पवित्र धागे को 108 बार परिक्रमा करके बांधें।
सुहागिनें जरूर करें शिव-पार्वती पूजा
सोमवती अमावस्या के दिन शिव पार्वती के पूजन का खास महत्व होता है। ऐसे में इस दिन सुहागिन कच्चे दूध से शिवलिंग का अभिषेक करें। इससे पति की सेहत संबंधी परेशानियां दूर होती हैं।