Ram Navami 2023 Date: आज राम नवमी मनाई जा रही है। साल 2023 में रामनवमी बहुत खास मानी जा रही है। इस दिन 5 अति दुर्लभ संयोग बन रहे हैं। नवरात्रि हिंदुओं के बीच बहुत अधिक महत्व रखती है और इसे भव्यता के साथ मनाया जाता है। हिंदू कैलेंडर में चार नवरात्रि पड़ती है। इसमें 2 गुप्त नवरात्रि होती हैं और एक चैत्र नवरात्रि जो मार्च-अप्रैल में आती है और दूसरी शारदीय नवरात्रि जो सितंबर-अक्टूबर में होती है। चैत्र नवरात्रि की नवमी को राम नवमी के नाम से जाना जाता है। नवरात्रि नौ दिनों का त्योहार है जो पूरे देश में व्यापक रूप से मनाया जाता है। चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की नवमी को भगवान राम का जन्मोत्सव मनाया जाता, इसे रामनवमी कहते हैं। इस दिन भगवान श्रीराम के बाल रूप का भव्य श्रंगार किया जाता है। आइए जानते हैं शुभ मुहूर्त,योग और पूजा विधि के बारे में।
Ram Navami 2023: आज रामनवमी, बनेंगे 5 अति दुर्लभ संयोग
राम नवमी 2023 शुभ मुहूर्त
नवमी तिथि आरंभ: 29 मार्च 2023, रात्रि 09:07 मिनट से
नवमी तिथि समाप्त: 30 मार्च 2023, रात्रि 11:30 मिनट पर
रामलला की पूजा का मुहूर्त 30 मार्च को प्रातः 11:17 बजे से दोपहर 1:46 बजे तक रहने वाला है।
राम नवमी 2023 शुभ योग
राम नवमी पर 5 अति दुर्लभ संयोग अमृत सिद्धि योग, गुरु पुष्य योग, शुभ योग, सर्वार्थ सिद्धि योग और रवि योग बन रहे हैं। रामनवमी पर इन पांचों शुभ योगों के निर्माण से भक्तों के जीवन में शुभ सूचनाओं का अंबार लगने वाला है। इस रामनवमी गुरुवार को पड़ रही है। इसलिए इस बार की रामनवमी और भी खास हो गई है।
राम नवमी की पूजा विधि
- रामनवमी वाले दिन आप ब्रह्म मुहूर्त में उठकर नित्य क्रिया के बाद स्नान करें।
- इसके बाद स्वच्छ वस्त्र धारण करें और शुभ मुहूर्त में मंदिर जाएं।
- वहां भगवान श्रीराम का केसर वाले दूध से अभिषेक करें।
- इसके बाद वहां ध्यान लगाकर 108 बार 'ॐ श्रीं ह्रीं क्लीं रामचन्द्राय श्रीं नम:' का जाप करें।
- साथ ही रामायण का पाठ सुनें।
- घर पर आकर एक कटोरी में गंगाजल लेकर घर के कोने-कोने में उसका छिड़काव करें।
- ऐसा करने से वास्तु दोष दूर होता है और नकारात्मक ऊर्जा दूर भाग जाती है।