प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल मध्य प्रदेश के बीना दौरे पर रहेंगे। पीएम नरेंद्र मोदी बीपीसीएल में पेट्रोकेमिकल परिसर में बनने वाले पेट्रोकेमिकल प्लांट का भूमिपूजन करेंगे। आयोजन से एक दिन पहले सीएम शिवराज सिंह चौहान ने पीएम की सभास्थल का निरीक्षण किया और खिमलासा को तहसील बनाने की घोषणा की।
बता दें कि पीएम मोदी सुबह 11 बजे बीना पहुंचेंगे,जहां 1 घंटे 10 मिनट कार्यक्रम में शामिल होंगे। बीपीसीएल फैक्ट्री में पीएम नरेंद्र मोदी प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे, उसके बाद सभा स्थल पर सभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एसपीजी के जवानों के साथ पुलिस के जवान सुरक्षा में तैनात रहेंगे। वहीं हेलीपैड से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता के बीच से सीधे मंच पर पहुंचेंगे। इसके लिए प्रशासन ने एक विशेष रथ तैयार किया है। बरसात के मौसम को देखते हुए वाटरप्रूफ पांच डोम तैयार किए गए है। कार्यक्रम में करीब दो लाख लोग शामिल होंगे। इसके लिए 10 जिलों से 3000 बसों से लोग कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचेंगे। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के पहले तैयारी का जायजा लिया और अधिकारियों से वन टू वन चर्चा की।
2 of 2
सीएम शिवराज ने तैयारियों का जायजा लिया।
- फोटो : सोशल मीडिया
सीएम ने की खिमलासा को तहसील बनाने की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के पहले तैयारी का जायजा लेने के लिए बीना पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए खिमलासा को तहसील बनाने की घोषणा की है। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह अवसर निवेश के त्यौहार का है, यहां कल उत्सव और जश्न मनाना चाहिए। सागर, विदिशा, अशोकनगर के लोग मिलकर कार्यक्रम में शामिल हों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करें। साथ ही साथ लोगों से कार्यक्रम में समय पर पहुंचने की सीएम शिवराज सिंह चौहान ने अपील की।
बुंदेली परंपरा से होगा पीएम मोदी का स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत बुंदेली परंपरा किया जाएगा। इसमें सबसे पहले रामतुला बजाया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। पेट्रोकेमिकल प्लांट सहित प्रदेश के औद्योगिक परिसरों का शिलान्यास करने के लिए 14 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीना आ रहे हैं। हड़काल खाती गांव के पास कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।