मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के बड़वाह थाना क्षेत्र के बेलमपुर बुजुर्ग गांव का एक ग्रामीण प्रयागराज में हुए महाकुंभ के दौरान से लापता हो गए। इसके बाद अब तक उनका कोई पता नहीं चल सका, यूपी पुलिस भी उन्हें तलाश नहीं कर पाई है। इससे परेशान उसकी पत्नी और पीड़ित परिवार ने खरगोन एसपी धर्मराज मीणा से मुलाकात की और गुमशुदा व्यक्ति को तलाशने की गुहार लगाई।
दरअसल, पीड़ित परिवार 27 जनवरी 2025 को प्रयागराज महाकुंभ में स्नान करने गया था। 28-29 जनवरी की रात अचानक हुई भगदड़ में बेलमपुर बुजुर्ग निवासी नाहरू मंशारे लापता हो गए थे। बीते सात माह में उनकी पत्नी और परिजन तीन बार प्रयागराज जाकर यूपी पुलिस से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अब तक पुलिस उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाई है। अब नाहरू को लेकर उनकी पत्नी ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मदद की मांग की है। साथ ही, खरगोन एसपी धर्मराज मीणा से मिलकर इंदौर के सोनम-राजा रघुवंशी हत्याकांड की तर्ज पर नाहरू मंशारे को तलाशने की गुहार लगाई है। एसपी धर्मराज मीणा ने परिजनों को उत्तरप्रदेश पुलिस से संपर्क कर हरसंभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया है।
2 of 4
लापता नाहरू मंशारे ।
- फोटो : अमर उजाला
भगदड़ के दिन से लापता पति
खरगोन एसपी ऑफिस पहुंची नाहरू मंशारे की पत्नी राधा बाई ने बताया कि वे अपने पति के साथ प्रयागराज महाकुंभ में स्नान के लिए गई थीं। उस दौरान रात्रि में मची भगदड़ में उनके पति लापता हो गए। उन्होंने पति को काफी तलाश किया, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने प्रयागराज के थाने में उनकी गुमशुदी दर्ज कराई। बीते सात महीने में बह तीन बार प्रयागराज जाकर पुलिस से संपर्क कर चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक जबाव नहीं मिला है। उन्होंने सीएम योगी से उनके पति को जल्द से जल्द तलाश करने की गुहार लगाई।
3 of 4
महाकुंभ के दौरान नाहरू मंशारे।
- फोटो : अमर उजाला
प्रयागराज जाएगी खरगोन पुलिस की टीम
एसपी धर्मराज मीणा ने कहा कि पीड़ित महिला अपने पति की तस्वीर और आवेदन लेकर एसपी ऑफिस पहुंची थीं। उसका कहना है कि महाकुंभ की भगदड़ के दिन से उसका पति लापता है। मामले की जांच के लिए खरगोन पुलिस की एक टीम प्रयागराज भेजी जाएगी, पीड़िता की हर संभव मदद की जाएगी।
4 of 4
नाहरू मंशारे की पत्नी ने सीएम योगी से लगाई गुहार।
- फोटो : अमर उजाला
सीएम यादव और सीएम योगी करें मदद
पीड़िता के साथ पहुंचे बड़वाह जनपद सदस्य प्रतिनिधि द्वारका प्रसाद शितोले ने कहा कि यूपी पुलिस महिला की कोई मदद नहीं कर रही। हम चाहते हैं कि मप्र के सीएम डॉ. मोहन यादव और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ इस मामले में संज्ञान लें और महिला के पति की तलाश कराएं।