फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

MP News: रक्षा मंत्री राजनाथ ने लिया राहुल गांधी को निशाने पर, कहा- देश में नफरत है कहकर भारत को बदनाम न करें

Sun, 22 Jan 2023 04:40 PM IST
दिनेश शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिंगरौली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिंगरौली Published by: दिनेश शर्मा Updated Sun, 22 Jan 2023 04:40 PM IST
सार

देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रविवार को मध्यप्रदेश के सिंगरौली पहुंचे थे। सिंगरौली में मप्र सरकार 25 हजार से अधिक हितग्राहियों को भूखंड आवंटित कर रही है। 

विज्ञापन
In Singrauli, Defense Minister Rajnath targeted Rahul Gandhi
सिंगरौली में राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी पर निशाना साधा। - फोटो : अमर उजाला
देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रविवार को मध्यप्रदेश के सिंगरौली पहुंचे थे। सिंगरौली में मप्र सरकार 25 हजार से अधिक हितग्राहियों को भूखंड आवंटित कर रही है। इस दौरान संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी पर जमकर निशाना साथा। उन्होंने कहा है कि राहुल जी देश में नफरत है कहकर भारत को बदनाम नहीं करें।


राजनाथ सिंह ने मंच से संबोधित करते हुए कहा कि मैं राहुल गांधी से पूछता हूं, जो देश में भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं और कह रहे हैं कि देश में नफरत है। देश में नफरत को कौन जन्म दे रहा है? देश में नफरत है कहकर भारत को बदनाम किया जा रहा है। आपको क्या हो गया है राहुल जी? क्या भारत बिखरा हुआ देश है?

हम गरीब लोगों के कल्याण के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि एमपी सरकार गरीब लोगों के कल्याण के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है, यही हर बीजेपी सरकार का मंत्र और लक्ष्य है। हमने चुनाव के दौरान किए गए हर वादे को पूरा किया है। हमारे कार्य और शब्द हमेशा अन्य राजनीतिक दलों के विपरीत मेल खाते हैं। पहले हम युद्धक विमानों, मिसाइलों, युद्धपोतों और बमों सहित अन्य देशों से रक्षा क्षेत्र के लिए सब कुछ आयात करते थे, लेकिन अब हमने भारत में ही सब कुछ बनाने और निर्यात करके अन्य देशों को वापस करने का फैसला किया है। 
 
In Singrauli, Defense Minister Rajnath targeted Rahul Gandhi
सिंगरौली में संबोधित करते हुए सीएम शिवराज सिंह चौहान। - फोटो : अमर उजाला

शिवराज ने कमलनाथ को घेरा
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमने तय किया कि मप्र में हर गरीब का घर हो, कोई बेघर न रहे। भाजपा सरकार गरीबों के प्रतिभाशाली छात्रों के इंजीनियरिंग और मेडिकल कोर्स की फीस का भुगतान करेगी। कांग्रेस किसानों का कर्ज माफ करने और बेरोजगारी भत्ता देने का झूठ बोलती रहती है। कमलनाथ बड़ी-बड़ी बात करते हैं, कहते हैं कि मैं रोजगार दूंगा और बेरोजगारी भत्ता दूंगा। बीच में जब उनकी सरकार थोड़े समय के लिए आई तो क्या उन्होंने बेरोजगारी भत्ता दिया? एक पैसा नहीं दिया। लेकिन मोदी सरकार ने किसानों को हर साल 6000 रुपये देने का फैसला किया। एमपी सरकार उन्हें 4000 रुपये देती है। अब एमपी में किसानों को हर साल 10,000 रुपये मिल रहे हैं। 

सीएम शिवराज ने कहा कि हमारे यहां इतनी खदानेंं, इतनी माइनिंग लेकिन काम, जब हम कहते हैं यहां के बच्चों को दो। तो एक बात आती थी स्किल्ड मैन पावर चाहिए। उसके लिए ट्रेंड लोग चाहिए और सिंगरौली में उतने स्किल्ड बच्चे मिलते नहीं है। मेरे भांजे-भांजियों अब जो माइनिंग कॉलेज खुलेगा उस माइनिंग कॉलेज में हम पूरी ट्रेनिंग देकर अपने बच्चों को तैयार करेंगे ताकि माइनिंग के क्षेत्र में रोजगार मिले तो सिंगरौली क्षेत्र के बेटा बेटी को मिले। आज एक बात और कह रहा हूं, सिंगरौली केवल माइनिंग नहीं, ऊर्जा धानी भी है। सिंगरौली देश को बिजली देती है। सिंगरौली के नौजवानों यह केवल माइनिंग कॉलेज नहीं होगा, उसी में हम ऊर्जा कॉलेज भी खोलेंगे।

 
In Singrauli, Defense Minister Rajnath targeted Rahul Gandhi
राजनाथ सिंह एवं शिवराज ने हितग्राहियों द्वारा घर से लाए हुए भोजन को साथ बैठकर ग्रहण किया। - फोटो : अमर उजाला
आज जो कुछ सिंगरौली में दिखाई दे रहा है वो भाजपा सरकार की देन
सीएम ने कहा कि आज मुझे 2008 याद आ रहा है जब पहली बार मुख्यमंत्री बनकर मैं सिंगरौली आया था। तो सिंगरौली वालों ने मुझे कहा था कि कांग्रेस की सरकार में सिंगरौली के साथ कभी न्याय नहीं हुआ। सिंगरौली सारी योग्यताएं रखता है इसलिए सिंगरौली को जिला बनाओ और आपने जब मांग की थी तो मैंने कहा था मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि सिंगरौली जिला बनेगा। और तब से सिंगरौली की विकास यात्रा प्रारंभ हुई। आज मैं विकास के काम नहीं गिनाऊंगा, लेकिन दिल पर हाथ रख कर ईमानदारी से आज मुझे बताओ सिंगरौली में विकास के काम जो भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किए, कभी कांग्रेस ने किए थे क्या?  सवा साल उनकी सरकार आई थी तो उन्होंने एक पत्थर और कंकड़ लगाया था क्या? आज जो कुछ सिंगरौली में दिखाई दे रहा है वो भारतीय जनता पार्टी की सरकार की देन है।

प्रदेश में लगभग 29 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा
शिवराज ने कहा कि अगर किसी के पास रहने की जमीन नहीं है तो उसकी, उसके परिवार की, उसके बच्चों की जिंदगी कैसे कटती होगी..? कई जगह वह किसी दूसरे की जमीन पर रहते थे तो दादागिरी होती थी। हमारी बात मान नहीं तो चल, अब यह जमीन तो मेरी है। सुनो, मेरे गरीब बहनों और भाइयों.. मध्यप्रदेश की धरती पर पूरे मध्यप्रदेश में कोई गरीब जमीन के बिना नहीं रहेगा। एक तरफ उद्योगों के लिए जमीन थे तो वही हम गरीबों को जमीन क्यों नहीं देंगे। आज 421 एकड़ जमीन सिंगरौली के गरीबों को बांटी जा रही है। मध्यप्रदेश में सवा लाख पदों पर सरकारी भर्तियां जारी हैं। अभी इंदौर में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट संपन्न हुई, इससे 15 लाख 42 हजार करोड़ से अधिक का निवेश आएगा और सिंगरौली में भी निवेश होगा। इनसे प्रदेश में लगभग 29 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा। 

बता दें कि मध्य प्रदेश के सिंगरौली में सीएम शिवराज सिंह चौहान और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कई सौगातें दीं। सिंगरौली में एक मेडिकल कॉलेज और कई अन्य परियोजनाओं के शिलान्यास किए। सिंगरौली में 25 हजार से ज्यादा प्लॉट बांटे गए। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सिंगरौली में मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार पत्र, मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना अंतर्गत सहायता राशि वितरण व शिलान्यास कार्यक्रम का कन्यापूजन कर शुभारंभ किया। सिंगरौली में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना अंतर्गत रीवा संभाग के 7 लाख से अधिक कृषकों के खातों में 140 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की। सिंगरौली में मेडिकल कॉलेज, माइनिंग इंजीनियरिंग कॉलेज, सीएम राइज स्कूल भवन, आरओबी सहित करोड़ों के विकास कार्यों का शिलान्यास कर क्षेत्र को बड़ी सौगात दी। 
अगली फोटो गैलरी देखें
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed