जारी कार्यक्रम के मुताबिक डॉ. मोहन यादव 22 जनवरी को सुबह 10.40 बजे भोपाल से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होंगे तथा 11.50 बजे ओरछा स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 11:55 बजे श्री राम राजा मंदिर में दर्शन, पूजा-अर्चना करेंगे। वे स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेकर दोपहर 12.50 बजे हेलीकॉप्टर से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।
निवाड़ी भाजपा जिला अध्यक्ष अखिलेश अयाची ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार को ओरछा पहुंच गए हैं। सोमवार सुबह वे मुख्यमंत्री के साथ मंदिर में आयोजित भजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके साथ वे विधि विधान से पूजा अर्चना करेंगे। शिवराज सिंह चौहान शाम तक ओरछा में रहेंगे और स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे। उन्होंने बताया इसके साथ टीकमगढ़ लोकसभा से सांसद और केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र खटीक कार्यक्रम में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री की आगमन को लेकर लगे होर्डिंग अज्ञात लोगों ने फाड़े
22 जनवरी को धार्मिक नगरी ओरछा में प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के आगमन को लेकर जगह-जगह लगाए गए होर्डिंग को अज्ञात लोगों ने फाड़ दिए हैं। इसके बाद कार्यकर्ताओं में खासी नाराजगी देखी गई। इसकी शिकायत पुलिस प्रशासन से की है, जिसको लेकर पुलिस भी अब मामले की जांच में जुटी हुई है।
बुंदेलखंड की अयोध्या ओरछा में रामभक्ति का जोश चरम पर है। यहां नगर पंचायत की क्रेन पर चढ़कर निवाड़ी विधायक अनिल जैन भगवा ध्वज फहराते हुए दिखे। गौरतलब है कि अयोध्या में होने वाली प्राण प्रतिष्ठा को लेकर बुंदेलखंड की अयोध्या ओरछा में आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी हो गई हैं। पूरे नगर को भगवा ध्वजों और भगवा पताकाओं से सजा दिया है। निवाड़ी विधायक अनिल जैन भी खुद को नहीं रोक पाए और नगर पंचायत की क्रेन पर चढ़कर हनुमानजी का ध्वज फहराते हुए दिखे।
