अनियमित होती जा रही जीवनशैली के कारण लोगों के जीवन में कई तरह के बदलाव देखने को मिल रहे हैं। इसका सीधा असर हमारे सेहत पर भी दिख रहा है। आज के समय में हर दूसरे व्यक्ति की बड़ी समस्या है बढ़ता वजन। इस समस्या का समाधान तभी मुमकिन है, जब आप अपनी व्यस्त भरी दिनचर्या से बाहर निकलकर खुद को थोड़ा समय देंगे। अगर आप निरोग जीवन जीना चाहते हैं और सेहत को लेकर सजग हैं तो योगा का अभ्यास आपके लिए फायदेमंद रहेगा। आज हम आपको इस लेख के माध्यम से कुछ खास योगासनों के बारे में बताएंगे, जिसके अभ्यास से कमर पर बढ़ी चर्बी कम हो जाएगी और बॉडी शेप में आ जाएगी।
कमर पर बढ़ी चर्बी को कम करेंगे ये 4 योगासन, नियमित अभ्यास से सही होगी शरीर की बनावट
चक्रासन
कमर के बल योग मैट पर लेट जाएं। अपने दोनों पैरों को मोड़ लें और अपने दोनों हाथों की हथेलियों को कंधे के नीचे रखें। सांस को भरें और सांस को छोड़ते हुए अपने शरीर के निचले भाग को ऊपर ऊठाएं। फिर सांस को भरते हुए अपने शरीर के ऊपरी भाग को उठाएं। 60 से 90 सेकंड तक इस आसन में रुकें। फिर सांस को छोड़ते हुए पहले शरीर के निचले भाग तथा बाद में ऊपरी भाग को नीचे लाएं।
नौकासन
पीठ के बल सीधा लेट जाएं। गहरी लंबी सांस लें तथा सांस छोड़ते वक्त दोनों पैरों को 45 डिग्री तथा हाथों को सिर के ऊपर तक उठाएं। 45 से 60 सेकंड तक इस आसन में रुकें।
उत्तानपाद आसान
कमर के बल योग मैट पर लेट जाएं और सांस को भरते हुए अपने दोनों पैरों को 30 डिग्री पर उठाएं। 20 से 30 सेकेंड तक सांस रोककर इस आसन में रुकें। सांस को छोड़ते हुए दोनों पैरों को 45 डिग्री तक उठाएं। 20 से 30 सेकेंड तक सांस को रोकते हुए इस आसन में रुकें। इसके बाद इसी तरह 60 और 90 डिग्री का भी अभ्यास करें। फिर सांस को छोड़ते हुए वापस आएं. इसका तीन बार आभ्यास करें।
पवनमुक्तासन
कमर के बल लेट जाएं और सांस को भरते हुए अपने दोनों पैरों को ऊपर उठाएं। फिर सांस छोड़ते वक्त अपने दोनों पैरों को मोड़ लें और हाथों से दोनों पैरों को पेट पर अधिकतम दबाव देते हुए कस के दबाएं। फिर सांस लें और सांस छोड़ते वक्त अपने सिर को ऊठाएं और नाक को घुटने के बीच में रखें। 60 से 90 सेकंड तक इसी पोजिशन में बने रहें। उसके बाद सांस छोड़ते हुए वापस आएं।