Rajasthan Trip: शाही सत्कार, सुंदर और भव्य महलों, खूबसूरत झीलों और पारंपरिक संस्कृति के लिए मशहूर राजस्थान भारतीय और विदेशी पर्यटकों को काफी पसंद है। राजस्थान के शहर अपने आप में पर्यटन स्थल हैं। यहां फोटोशूट के लिए रेतीले मैदान, रात में रेगिस्तान में कैंपिंग, ऊंट की सवारी का लुत्फ उठाने को मिल सकता है। राजस्थान में कई प्रसिद्ध धार्मिक स्थल, ऐतिहासिक महल और इमारतों में शाही शान का आनंद उठा सकते हैं।
Rajasthan Trip Plan: तीन दिन में घूमना है राजस्थान तो ऐसे बनाएं प्लान, इन मशहूर पर्यटन स्थलों की कर सकेंगे सैर
जयपुर
जयपुर रेलवे स्टेशन या एयरपोर्ट से आप सफर पर निकलें। बस या प्राइवेट टैक्सी से पिंक सिटी में आमेर का किला, बिरला मंदिर, जंतर मंतर, हवा महल, जयगढ़ का किला और जल महल घूम सकते हैं।
अजमेर और पुष्कर
जयपुर से अजमेर लगभग 132 किलोमीटर और पुष्कर 142 किलोमीटर की दूरी पर है। महज 3 घंटे की दूरी तय करते आप अजमेर जा सकते हैं। अरावली की पहाड़ियों से घिरे इस शहर में ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह (अजमेर शरीफ) जा सकते हैं। पास में पुष्कर बसा है। यहां ब्रह्मा जी का एकमात्र मंदिर है।
जोधपुर
अजमेर से जोधपुर की दूरी लगभग 210 किलोमीटर है। साढ़े तीन घंटे का सफर तय करके जोधपुर जा सकते हैं। जोधपुर में मेहरानगढ़ का किला, उम्मेद भवन पैलेस, जसवंत थड़ा, घंटा घर और कल्याण सागर झील घूमने जा सकते हैं।
बीकानेर और जैसलमेर
जोधपुर से बीकानेर 250 किलोमीटर की दूरी पर है और जैसलमेर लगभग साढ़े चार घंटे की दूरी पर 282 किलोमीटर दूर है। आप ट्रेन से या टैक्सी से यहां पहुंच सकते हैं। बीकानेर में जूनागढ़ का किला, प्रसिद्ध करणी माता मंदिर, गजनेर पैलेस, लालगढ़ पैलेस घूम सकते हैं। जैसलमेर में बड़ा बाग, गड़ीसर झील, सैम सैंड ड्यून्स घूमने जा सकते हैं।