क्या आप भी क्रिसमस और नए साल की छुट्टियों में घूमने जाने की प्लानिंग कर रहे हैं, पर बजट कम है? तो चिंता की कोई बात नहीं है, दिल्ली के आसपास कई ऐसी जगहें हैं जहां आप 5000 से भी कम के बजट में बड़े मजे के साथ अपनी छुट्टियां बिता सकते हैं। आज हम आपको ऐसी ही कुछ बहुत ही फेमस और कम बजट वाली जगहों के बारे में बताने जा रहे हैं। ये स्थान देश ही नहीं विदेशी पर्यटकों को भी आकर्षित करते हैं। यदि आप बैचलर हैं या फिर सोलो ट्रिप करना चाहते हैं, तो बड़े ही आसानी से इन जगहों पर जाकर अपनी छुट्टियों को काफी यादगार बना सकते हैं।
New Year Tour Planning: 5000 से भी कम बजट में दिल्ली के आसपास इन जगहों पर जा सकते हैं घूमने
ताजमहल (आगरा)
राजधानी दिल्ली से करीब 200 किमी दूर उत्तर प्रदेश के आगरा में स्थित है विश्व प्रसिद्ध ताजमहल। सात अजूबों में शुमार ताजमहल का दीदार करने विदेशी पर्यटक भी आते हैं। इसके अलावा आप आगरा में पंचमहल, अंगूरी बाग, इतमात उद्दौला का मकबरा और आगरा का किला भी घूमने जा सकते हैं। यमुना नदी के तट पर बसा यह शहर अपने खान-पान के लिए भी काफी पसंद किया जाता रहा है। आपके लिए यह ट्रिप काफी यादगार हो सकता है।
मथुरा-वृंदावन (उत्तर प्रदेश)
कृष्ण भक्तों के लिए मथुरा-वृंदावन की यात्रा हमेशा से काफी पसंदीदा रही है, नए साल की शुरुआत के लिए लोगों की यहां के मंदिरों में भारी भीड़ इकट्ठा होती है। आप बस से तीन-चार घंटे में यहां पहुंच सकते हैं, जिसके लिए एक तरफ का किराया 450-500 तक का होता है। भगवान कृष्ण की जन्मस्थली मथुरा नगरी के पेड़े पूरे देश में प्रसिद्ध हैं। यहां की यात्रा आप एक दिन में भी करके वापस लौट सकते हैं।
हवा महल (जयपुर)
दिल्ली से करीब 300 किमी दूर स्थित जयपुर में घूमने के लिए कई जगहें हैं जैसे- हवा महल जिसे महाराजा सवाई सिंह ने बनवाया था, यह महल अदम्य खूबसूरती का प्रतीक है। सिटी पैलेस, नाहरगढ़ किला, जयगढ़ किला और पिंक सिटी बाजा़र में भी आप घूम सकते हैं। राजस्थानी सत्कार और स्वाद आपको हमेशा के लिए यहां का दीवाना बना देगा। जयपुर जाने के लिए एक तरफ का किराया 500-600 तक होता है।
ऋषिकेश (उत्तराखंड)
ऋषिकेश बेहद प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों में से एक है जहां हर समय आपको भारी भीड़ देखने को मिल जाती है। दिल्ली से करीब 270 किमी दूर स्थित इस खूबसूरत जगह जाने के लिए एक तरफ का किराया 350-450 के बीच होता है। यहां आप लक्ष्मण झूला, त्रिवेणी घाट, वशिष्ठ गुफा, नीलकंठ महादेव मंदिर के दर्शन कर सकते हैं। अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के लिए यह स्थान पर्यटकों के बीच काफी पसंदीदा रहा है।