हिंदू धर्मावलंबियों के लिए पावन तीर्थस्थलों में से पुरी स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर महत्वपूर्ण तीर्थस्थल है। भगवान जगन्नाथ का दर्शन करने के लिए तीर्थयात्री पुरी और कोलकाता स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर जाते रहते हैं। भगवान जगन्नाथ का दर्शन कराने के लिए आईआरसीटीसी एक खास टूर पैकेज लेकर आया है, जिसमें कोलकाता, पुरी और भुवनेश्वर की यात्रा कराई जाएगी। आइए, इस टूर प्लान के बारे में जानते हैं विस्तार से।
जगन्नाथ मंदिर दर्शन के लिए स्पेशल ट्रेन से करें नौ दिन का टूर, एक दिन में आएगा केवल 900 रुपए का खर्च
भारत दर्शन स्पेशल टूरिस्ट ट्रेन के तहत आईआरसीटीसी यह खास टूर पैकेज लेकर आया है, जिसका नाम है जगन्नाथ धाम यात्रा। यह ट्रेन छह दिसंबर को त्रिपुरा के अगरतल्ला रेलवे स्टेशन से दोपहर 12 बजे रवाना होगी। इस टूर पैकेज के तहत आठ रात और नौ दिन की यात्रा कराई जाएगी।
इन स्टेशनों पर भी ट्रेन में चढ़ सकेंगे यात्री
इस स्पेशल टूरिस्ट ट्रेन में जरुरी नहीं कि यात्री अगरतल्ला में ही सवार हों। यात्री अपनी सुविधानुसार रास्ते में पड़ने वाले स्टेशनों बदरपुर, गुवाहाटी, न्यू बोंगईगांव, न्यू कूच बिहार, न्यू जलपाईगुड़ी और मालदा टाउन से भी सवार हो सकते हैं।
बेहद आकर्षक है किराया
इस टूरिस्ट ट्रेन का किराया बेहद सस्ता रखा गया है। नौ दिन के इस टूर पैकेज के लिए एक यात्री को 8,505 रुपये किराया देना होगा। यानी कि प्रतिदिन का हिसाब लगाया जाए तो यात्रियों को 950 रुपये से भी कम पड़ेगा। आप ट्रेन का बोर्डिंग स्टेशन बदल सकते हैं, लेकिन किराया पूरा ही देना होगा।
स्लीपर क्लास में यात्रा, मिलेगा शाकाहारी खाना
इस टूर पैकेज में यात्रियों के आने-जाने का किराया समेत खाने, ठहरने और घुमाने का खर्च शामिल है।
- इस टूर पैकेज में यात्रियों को स्लीपर क्लास में यात्रा करायी जाएगी।
- यात्रियों को रास्ते में दिया जाने वाला खाना पूरी तरह से शाकाहारी होगा।
- यात्रियों को धर्मशालाओं और हॉल में ठहराया जाएगा।
- रमणीय स्थलों के दर्शन के लिए नॉन एसी गाड़ियों में ले जाया जाएगा।