पूरी दुनिया में कोरोना महामारी ने परेशान कर रखा है। हर रोज लाखों लोग संक्रमित होकर इस बीमारी की चपेट में आ रहे हैं। कोरोना वायरस से बचने के लिए भारत में भी लॉकडाउन लगाकर सामाजिक दूरी का पालन करवाया जा रहा है। ऐसे में मां के साथ हैं तो बिना घर से बाहर निकले भी अपनी मां को इस मदर्स डे खास गिफ्ट दे सकते हैं। क्योंकि इन तोहफों को देने के लिए बस आपकी मेहनत की जरूरत है और फिर देखिए कैसे मां के लिए ये दिन हमेशा के लिए यादगार बन जाएगा।
Mother's Day 2020: लॉकडाउन में घर बैठे मदर्स डे को बनाएं यादगार, मां को दें ये खास गिफ्ट
मां के साथ बैठकर पुरानी एल्बम देखिए और साथ में चाय पिएं। उन तस्वीरों में कैद बचपन की मस्ती और फैमिली ट्रिप को बैठकर मां के साथ साझा करिए। जब मां के साथ मदर्स डे के दिन क्वालिटी टाइम बिताएंगे तो इससे अच्छा गिफ्ट तो मां के लिए दूसरा नहीं होगा।
रसोई का सारा काम तो एक मां के जिम्मे ही होता है। लेकिन अगर मां को खुशी देना चाहते हैं तो एक दिन मां को रसोई से निकालकर बैठाइए और मां की पसंद का खाना बनाइए। फिर देखिए मदर्स डे पर मां के लिए इससे ज्यादा स्पेशल करने के लिए कुछ नहीं होगा।
लॉकडाउन के कारण सबकी मां भी घरों में कैद हैं। ऐसे में वो अपनी सहेलियों से मिलने भी नहीं जा पा रही होंगी। तो क्यों न उनकी सहेलियों के वीडियो मैसेज एक साथ जोड़कर और कुछ मां की दिनभर की एक्टीविटी को फोन में कैदकर उनका वीडियो बनाएं। जब आप इस वीडियो को मां को दिखाएंगी तो वो बेहद खुश होंगी और ये आइडिया उन्हें बहुत पसंद आएगा।
सबकी मांओं ने अपने बच्चों के परवरिश के लिए जरूर अपने किसी न किसी शौक को छोड़ा होगा। तो इस मदर्स डे उन्हें उनके शौक से मिलवाएं। जैसे पेटिंग, कुकिंग, बेकिंग, सिंगिंग, डांसिग जो भी आपकी मां का शौक हो उन्हें वो सीखने के लिए प्रेरित करें। या फिर आपकी मां कुछ टेक्निकल चीजें आपसे सीखना चाहती हैं तो उन्हें सिखाएं। एक मां के लिए मदर्स डे पर इससे अच्छा दूसरा तोहफा नहीं हो सकता।