ऑफिस में हर तरह के लोग होते हैं। पुरुष और महिला सहकर्मियों से आपकी दोस्ती होती है। एक संस्था में जब आप काम करते हैं, तब आपको बहुत सी चीजों का ध्यान रखना होता है। आप दफ्तर की दोस्ती को कॉलेज की दोस्ती की तरह बिल्कुल नहीं रख सकते क्योंकि यहां सबकुछ बहुत अलग है। कई सारे लड़के जानते ही नहीं हैं कि ऑफिस में महिला सहकर्मियों से किसी तरह बात की जाती है, किस तरह से व्यवहार रखते हैं और कैसे मित्रता होती है। कई बार दफ्तर में पुरुष ऐसा व्यवहार कर देते हैं कि लड़कियां उनसे बात करना ही पसंद नहीं करतीं।
ऑफिस में महिला सहकर्मियों से बात करते वक्त इन बातों का रखें ध्यान, नहीं होगी गलतफहमी
तिरछी नजरों से न देखें
यदि आप महिला सहकर्मी से बात कर रहे हैं तो अच्छे से करें। यदि आप दूर से तिरछी नजर से देखते हैं या आपके मन में मैल है तो लड़की आपको बिना देखे ही धारणा बना लेगी कि आप एक अच्छे व्यक्ति नहीं हैं इसलिए कोशिश करें कि आप जैसे हैं वैसे ही आत्मविश्वास के साथ महिला सहकर्मियों से बात करें। आप उनसे काम से जुड़ी बातें करें, वे बकायदा आपसे अच्छे से पेश आएंगी।
याद रखें कि वे महिला हैं
कई बार ऐसा होता है कि दफ्तर में लड़कियों से बहुत अच्छी दोस्ती हो जाती है लेकिन एक समय पुरुष भूल जाते हैं कि वे लड़कियों के बीच बैठे हैं और उस तरह का आचरण करने लगते हैं, जिस तरह वे अपनी बॉयज गैंग में करते हैं। उनकी भाषा और हाव-भाव बदलने लगते हैं, जो कि महिला सहकर्मियों को कहीं न कहीं बहुत अजीब महसूस करवाते हैं और वे पुरुषों के साथ सहज महसूस नहीं कर पाते हैं।
एक दूसरे से सीखें
यदि आपको किसी महिला सहकर्मी के साथ काम करने का अवसर मिलता है तो आप एकदूसरे से सीखने का प्रयास करें। उनके काम में जो अच्छी बात है, आप उसकी प्रशंसा करने के साथ ही सीख भी लें और आपको जो काम बेहतर ढंग से आता है, उसे करने का तरीका आप उन्हें सिखाएं। ऐसा करने से आप दोनों के बीच अच्छी दोस्ती के साथ ही अच्छा तालमेल भी रहेगा।
आप मुस्कराकर सबकुछ अच्छा कर सकते हैं। जब भी आपका किसी भी महिला सहकर्मी से सामना हो और आप नहीं जानते कि क्या बात करना चाहिए, तब आपको मुस्कराना जरूर चाहिए क्योंकि पूरी संभावना है कि आप मुस्कराएंगे तो सामने वाला भी आपको देखकर मुस्कराएगा। मुस्कराने से आप महिला सहकर्मियों के बीच एक सकारात्मक छवि का निर्माण कर पाएंगे।