देश और दुनिया के जाने-माने व्यवसायी अनिल अंबानी का 4 जून को जन्मदिन है। इस साल वह अपना 60वां जन्मदिन मना रहे हैं। अनिल अंबानी की कारोबारी जिंदगी से कई ज्यादा दिलचस्प उनकी लवस्टोरी है। अनिल ने 1991 में फिल्म अभिनेत्री टीना मुनीम से शादी की थी। दोनों के दो बेटे हैं जय अनमोल अंबानी और जय अंशुल अंबानी।
टीना मुनीम और अनिल अंबानी की लव स्टोरी किसी फिल्म की कहानी से कम नहीं है। अनिल को पहली नजर में प्यार हो जाना फिर टीना मुनीम को मनाना, घरवालों का मना करना और इन सारे उतार चढ़ाव के बाद दोनों का प्यार मुकम्मल हो गया। आइए अनिल के जन्मदिन के मौके पर जानते हैं उनकी लवस्टोरी के बारे में...
अनिल ने एक शादी में जब टीना को पहली बार देखा था तभी वह उन पर अपना दिल हार बैठे थे। एक इंटरव्यू के दौरान अनिल ने बताया था कि उन्होंने एक शादी में टीना को पहली बार देखा और वह उनके प्यार में पागल हो गए थे। टीना मुनीम ने पार्टी में ब्लैक ड्रेस पहनी हुई थी और वह वहां सबसे खूबसूरत लग रही थीं। इसके बाद दोनों की अमेरिका में एक बार नॉर्मल मुलाकात हुई।
अनिल टीना से मिलने के बहाने ढूंढते रहते थे और टीना मुनीम उन्हें नजरअंदाज कर रही थीं। आखिरकार दोनों की मुलाकात हुई और इस दौरान टीना मुनीम अनिल की सादगी देखकर उनसे काफी इम्प्रेस हुईं। अनिल तो पहले से ही टीना के प्यार में दीवाने थे और इस मुलाकात के बाद दोनों एक दूसरे को डेट करने लगे।
अनिल ने जब टीना मुनीम के बारे में अपने परिवार को बताया तो उनके घर पर सभी इस रिश्ते के खिलाफ थे। दरअसल उनके घर में कोई नहीं चाहता था कि उनके घर में कोई एक्ट्रेस बहू बनकर आए। इसके बाद अनिल ने घरवालों के दबाव में आकर टीना से दूरी बना ली थी।
टीना मुनीम बॉलीवुड की दुनिया को छोड़कर इंटीरियर डिजाइनिंग की पढ़ाई करने लगीं। दोनों में लगभग चार साल तक बात नहीं हुईं। अनिल के घर में उनके लिए अच्छे-अच्छे रिश्ते आ रहे थे, जिसे वह लगातार मना कर रहे थे। एक इंटरव्यू में अनिल ने बताया था कि उनके लिए वो वक्त बहुत मुश्किल और दर्दभरा था। एक इत्तेफाक था कि दोनों फिर एक दूसरे के करीब आ गए।