गर्मियों में लोग अक्सर पसीने की वजह से शरीर से आने वाली बदबू से परेशान रहते हैं। ऐसे में कई बार तो उन्हें शर्मिंदगी का भी सामना करना पड़ता है। अगर आप भी ऐसा ही कुछ झेल रहे हैं तो टेंशन छोड़ नींबू का ये नुस्खा अपनाइए। ये नुस्खा न सिर्फ आपको दूसरों के सामने शर्मिंदा होने से बचाएगा बल्कि सारा दिन आपको फ्रेश भी रखेगा। आइए जानते हैं क्या है ये नुस्खा।
पसीना आना जरूरी है, लेकिन अधिक मात्रा में पसीना आना कई तरह के फंगल इंफेक्शन की वजह भी बन सकता है। बगलों व पैरों की अंगुलियों के बीच ज्यादा पसीना आता है। पसीने का वाष्पीकरण नहीं होने से शरीर से बदबू आने लगती है, ऐसे में आप सूती कपड़े और ढ़ीले-ढाले कपड़े पहनेंगे तो आपको पसीना कम होगा और पसीने का वाष्पीकरण भी आसानी से होगा। नींबू शरीर के बैक्टीरिया को खत्म करने के साथ ही स्किन के pH लेवल को भी एडजस्ट करता है। आइए जानते हैं क्या है नींबू का कारगर नुस्खा।
पसीने की बदबू दूर करने के लिए नींबू सबसे असरदार विकल्प है। रोज नहाने के पानी में कुछ बूंदे नींबू की मिलाकर नहाने से पसीने की बदबू दूर होती है। इसके अलावा जब आप कहीं बाहर जा रहे हैं और आपका डियो खत्म हो गया है तो उस स्थिति में भी आप नींबू को अपनी बगल में रगड़ सकते हैं। ऐसा करने से आप पाएंगे कि शरीर से पसीने की बदबू आनी काफी हद तक दूर हो गई है।
बेकिंग सोडा के इस्तेमाल से पसीने की बदबू से छुटकारा मिल सकता है। इसे इस्तेमाल करने के लिए एक कटोरी में दो चम्मच बेकिंग सोडा ले लें। अब इसमें एक नींबू का रस डालकर अच्छे से मिलाएं। अब इस पेस्ट को अपने अंडरआर्म्स पर लगाकर 15 मिनट के लिए छोड़ दें। बाद में इस पेस्ट को ठंडे पानी से साफ कर लें। ऐसा करने से आपके अंडरआर्म से आने वाली पसीने की बदबू दूर हो जाएगी।
खानपान पर भी ध्यान दें। अधिक मसालेदार और तला हुआ खाने से बचें। शराब का सेवन करते हैं तो शराब की मात्रा कम कर दीजिए, दांतों को रोज ब्रश करें और धूम्रपान करना बिल्कुल बंद कर दें।