गणेश चतुर्थी का त्योहार नजदीक है। घर में भगवान गणेश की मूर्ति लाने की भी तैयारियां शुरू हो चुकी होंगी। साफ-सफाई से लेकर भगवान के वस्त्र और पूजा के सामान की खरीदारी भी हो रही होगी। लेकिन अगर आप गणपति बप्पा को सेवा से प्रसन्न करना चाहते हैं तो भोग को अपने हाथों से बनाकर तैयार करें। गणपति बप्पा को मोदक बेहद प्रिय हैं। ऐसे में आप चाहें तो महाराष्ट्र के परंपरागत मोदक को भगवान गणेश के लिए बनाकर तैयार कर सकती हैं। इसे बनाना मुश्किल नही हैं। बस इस आसान सी रेसिपी से आप कुछ ही समय में मोदक तैयार कर लेंगे। तो चलिए जानें क्या है मोदक बनाने की आसान रेसिपी।
मोदक बनाने के लिए सामग्री
ट्रेडिशनल मोदक बनाकर तैयार करना चाहती हैं तो इसके लिए जरूरत होगी दो कप चावल का आटा, एक चम्मच देसी घी, एक कप कसा हुआ नारियल, दो चम्मच गुड़, दो बड़े चम्मच बारीक कटा काजू और बादाम, पिसी इलायची।
मोदक बनाने की विधि
मोदक बनाने के लिए सबसे पहले भरावन बनाकर तैयार कर लें। नारियल को लेकर उसे कद्दूकस कर लें। अब पैन को गैस पर रखें और इसमे एक चम्मच देसी घी डालें। साथ में घिसे हुए नारियल को डाल दें। हल्के से भूनने के बाद इसमे गुड़ डालें। गुड़ को डालते समय उसके छोटे टुकड़े कर दें। जिससे वो आसानी से पिघल जाएं। नारियल के साथ गुड़ को मिक्स कर लें। धीमी आंच पर पकाएं। साथ में पिसी इलायची भी डाल दें। जब गुड़ अच्छी तरह से नारियल पर लिपट जाए। तो गैस को बंद कर दें और पैन से मिक्सचर को प्लेट में निकाल लें। तैयार है मोदक का भरावन।
4 of 5
modak recipe at home
- फोटो : Social media
अब मोदक की बाहरी परत तो बनाने के लिए चावल का आटा लें। एक पैन में पानी डालकर गर्म करें। इसमे घी डाल दें। जब पानी उबल जाए तो इसमे चावल का आटा डाल दें। इसे अच्छी तरह से मिला दें। गैस की आंच को बंद कर दें और इसे ढंक दें। चावल का आटा पककर आधा हो जाए तो इसे किसी प्लेट में निकाल लें। हल्का ठंडा हो जाने के बाद हाथों पर घी लगाकर इस आटे को गूंथ लें।
मोदक बनाने के लिए आप चाहे तो मोल्ड का इस्तेमाल करें। या फिर हाथों पर छोटी लोई लेकर इसे दबाकर बीच में जगह बनाएं। फिर इसमे नारियल का भरावन भरकर अच्छे से बंद करें और मोदक का आकार दें। इन सारे मोदक को मलमल के कपड़ें में रखें। स्टीमर तैयार कर उसमे इन मोदक को दस से पंद्रह मिनट के लिए पकने दें। बस तैयार है गणपति बप्पा के प्रिय मोदक।