डायबिटीज गंभीर स्वास्थ्य समस्या मानी जाती है। विशेषज्ञ कहते हैं, ब्लड शुगर का लेवल बढ़ना शरीर के कई अंगों के लिए गंभीर दुष्प्रभावों वाला हो सकता है, सभी लोगों को शुगर को कंट्रोल रखने के लिए निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। कुछ दशकों पहले तक शुगर लेवल बढ़ने को उम्र के साथ होने वाली समस्या के तौर पर जाना जाता था, हालांकि अब कम उम्र के लोगों में भी ये दिक्कत देखी जा रही है। बच्चों-वयस्कों में डायबिटीज की समस्या, उनके जीवन की गुणवत्ता को गंभीर रूप से प्रभावित करने वाली हो सकती है।
World Diabetes Day: शुगर बढ़ने का इन अंगों पर हो सकता है गंभीर असर, पाचन विकारों से लेकर हार्ट अटैक तक का खतरा
डायबिटीज के कारण होने वाली समस्याएं
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, हाई ब्लड शुगर की समस्या पूरे शरीर के लिए समस्याकारक हो सकती है। यह आपके हृदय और धमनियों पर तनाव बढ़ाने के साथ रक्त के संचार को प्रभावित करने वाली समस्या भी मानी जाती है। धमनियों में होने वाली दिक्कतों के कारण रक्त प्रवाह में कमी आ जाती है जिससे ऊतकों और अंगों का कार्य प्रभावित हो सकता है। इसका मतलब है कि डायबिटीज की अनियंत्रित स्थिति आपके मस्तिष्क, किडनी, आंखों को भी प्रभावित कर सकती है।
धमनियों को क्षति और हृदय की समस्याएं
हाई शुगर की स्थिति में धमनियों को सबसे ज्यादा क्षति पहुंचती है, इस स्थिति को डायबिटिक न्यूरोपैथी के तौर पर जाना जाता है। इस स्थिति में शरीर के अंगों में रक्त का सामान्य संचार बाधित हो जाता है जिससे कोशिकाएं प्रभावित होने लगती है। बढ़ा हुआ शुगर लेवल तंत्रिकाओं को नुकसान पहुंचा सकती है, ये हार्ट की समस्या को बढ़ाने वाली भी मानी जाती है। इस तरह के जोखिमों से बचाव के लिए शुगर को नियंत्रित रखना आवश्यक है।
डायबिटीज रोगियों में किडनी की बीमारी
डायबिटीज रोगियों में आंखों से संबंधित समस्याओं के विकसित होने का खतरा अधिक देखा जाता रहा है। हाई ब्लड शुगर की स्थिति आपकी आंखों के पिछले हिस्से (रेटिना) की रक्त वाहिकाओं को नुकसान पहुंचाने लगती है। इससे दीर्घकालिक रूप से धुंधला दिखाई देने और यहां तक कि अंधापन भी हो सकता है। डायाबिटीज रोगियों को इस तरह की समस्याओं से बचाव के लिए शुगर को कंट्रोल रखने और नियमित रूप से आंखों की जांच कराते रहने की सलाह दी जाती है।
पाचन विकारों की समस्याएं
डायबिटिक रोगियों में पाचन विकारों का जोखिम होना काफी सामान्य माना जाता है, जब आपका ब्लड शुगर लंबे समय तक बढ़ा रहता है, तो यह वेगस तंत्रिकाओं को नुकसान पहुंचा सकती है। ये तंत्रिकाएं आपके पेट और आंतों के माध्यम से भोजन को स्थानांतरित करने में मदद करती हैं। मधुमेह रोगियों में पाचन विकारों के कारण एसिड रिफ्लक्स, ऐंठन, उल्टी और गंभीर कब्ज की समस्या हो सकती है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।