क्या आप इन दिनों कहीं घूमने जाने की प्लानिंग कर रहे हैं? अगर हां तो ये महीना आपके लिए सबसे बेहतर हो सकता है। अक्तूबर के महीने में तापमान कम होने लगता है जिससे आप दिल्ली के आसपास के कई जगहों का बेहतर तरीके से आनंद ले सकते हैं। इतना ही नहीं इस बार अक्तूबर के महीने में कई त्योहार और लंबी छुट्टियां भी हैं, जिसका आप पूरा फायदा उठा सकते हैं। 24 अक्तूबर को दशहरा है, इससे पहले शनिवार-रविवार की छुट्टी। मतलब थोड़े से एडजेस्टमेंट के साथ लॉन्ग वीकेंड का मजा।
Tour Plan: अक्तूबर में हैं कई त्योहार और छुट्टियां, क्यों न बना लें दिल्ली के आसपास के इन जगहों का प्लान
उत्तराखंड में हिल स्टेशन की करिए सैर
उत्तराखंड अपनी खूबसूरत वादियों के लिए काफी पसंदीदा स्थान रहा है, आप बस एक रात के सफर के साथ यहां पहुंच सकते हैं। दिल्ली से करीब 400 किमी पर स्थित है बिनसर। यहां की प्राकृतिक खूबसूरती आपको आनंद से भर देगी, पहाड़ों और हरियाली का सामंजस्य मन को गजब की शांति का अनुभव कराएगा। फोटोग्राफी के शौकीन रहे हैं तो भी ये स्थान आपके लिए फुल पैसा वसूल है।
औली का भी बना सकते हैं प्लान
उत्तराखंड में बिनसर के अलावा भी कई ऐसे स्थान हैं जो पर्यटकों की पहली पसंद रहे हैं, औली उनमें से एक है। एडवेंचर्स एक्टिविटी करने के शौकीन रहे हैं तो औली आपके लिए सबसे उपयुक्त स्थान है। दिल्ली से करीब 320 किलोमीटर की दूरी पर स्थित पहाड़ों और हरियाली से घिरा ये स्थान न सिर्फ मेंटल पीस देगा, साथ ही यहां की खूबसूरती हमेशा के लिए आपके दिलो-दिमाग में बैठ जाएगी।
कुफरी और शिमला
उत्तराखंड के अलावा आप कम बजट में हिमाचल प्रदेश में भी घूमने की योजना बना सकते हैं। दिल्ली से करीब 350 किलोमीटर दूरी पर स्थित है हिमाचल प्रदेश का कुफरी। ये शिमला से काफी नजदीक भी है तो आप कुफरी और शिमला दोनों का ही कम समय में आनंद ले सकते हैं। वैसे तो कुफरी में बर्फबारी देखने के लिए पर्यटकों की भीड़ रहती है, हालांकि इसके लिए आपको दिसंबर तक का इंतजार करना होगा।