खराब जीवनशैली और अस्वस्थ खान-पान के कारण पिछले एक दशक में लोगों में हाइपरटेंशन यानी कि हाई ब्लड प्रेशर की समस्या काफी तेजी से बढ़ी है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, हाइपरटेंशन हृदय रोगों का मुख्य कारण माना जाता है। लंबे समय तक ब्लड प्रेशर अधिक बने रहने की समस्या के कारण हार्ट अटैक और स्ट्रोक का जोखिम काफी हद तक बढ़ जाता है। पर हालिया अध्ययन में वैज्ञानिकों ने बताया है कि हाइपरटेंशन सिर्फ हृदय रोग ही नहीं अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं को भी जन्म दे सकता है। अध्ययन में वैज्ञानिकों ने बताया है कि हाई ब्लड प्रेशर की समस्या वयस्कों में मिर्गी के दौरे के जोखिम को दोगुना तक बढ़ा सकती है।
विशेषज्ञों की चेतावनी: हृदय रोग ही नहीं इस गंभीर समस्या को भी जन्म दे सकता है हाई ब्लड प्रेशर, हो जाइए सावधान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हाइपरटेंशन के कारण मिर्गी के दौरे का खतरा
एपिलेप्सिया जर्नल में प्रकाशित अध्ययन में वैज्ञानिकों ने हाइपरटेंशन के इस जोखिम के बारे में लोगों को सचेत किया है। 58 वर्ष की औसत आयु वाले 2,986 अमेरिकी वयस्कों पर किए गए अध्ययन के आधार पर वैज्ञानिक इस निष्कर्ष पर पहुंचे हैं। वैज्ञानिकों ने इस अध्ययन में बताया कि उच्च रक्तचाप की स्थिति या एंटीहाइपरटेन्सिव दवाओं के उपयोग वाले लोगों में मिर्गी की समस्या होने का जोखिम दो गुना अधिक पाया गया है।
उच्च रक्तचाप बन सकता है मिर्गी का कारण
बोस्टन यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मेडिसिन में प्रोफेसर और अध्ययन के प्रमुख लेखकों में से एक मारिया स्टेफनिडौ बताते हैं, हमारे अध्ययन से पता चलता है कि जिन लोगों में लगातार उच्च रक्तचाप की समस्या बनी रहती है उनमें अन्य लोगों की तुलना में मिर्गी के दौरे पड़ने का जोखिम 2.44 गुना अधिक हो सकता है। उच्च रक्तचाप की समस्या उन तंत्रिकाओं की सामान्य गतिविधियों को प्रभावित कर सकती है, जो इस तरह के झटकों की समस्या से लोगों को सुरक्षित रखने में मदद करती हैं।
उच्च रक्तचाप से बचाव बहुत आवश्यक
प्रोफेसर स्टेफनिडो कहते हैं, तमाम आयु वर्ग के लोगों पर किए गए इस अध्ययन में पाया गया है कि यदि समय रहते उच्च रक्तचाप का निदान और इसके उपचार की प्रक्रियाओं को शुरू कर दिया जाए तो न सिर्फ मिर्गी, बल्कि हृदय रोग और कई अन्य गंभीर स्वास्थ्य जोखिमों को कम किया जा सकता है। इसके अलावा मिर्गी के इलाज के दौरान रोगी में ब्लड प्रेशर की समस्या को नियंत्रित बनाए रखकर भी इसके जोखिमों को कम करने में सफलता मिल सकती है।
तमाम अध्ययनों से पता चलता है कि हाई ब्लड प्रेशर से बचे रहने के लिए सावधानियां बरतना आवश्यक होता है। कुछ बातों को ध्यान में रखकर इस तरह की समस्याओं से बचाव किया जा सकता है।
- स्वस्थ आहार का करें सेवन।
- नियमित रूप से व्यायाम करें।
- शरीर के वजन को नियंत्रित बनाए रखें।
- शराब और धूम्रपान से दूरी बनाकर रखें।
- तनाव और चिंता को कम करने वाले आवश्यक उपाय करते रहें।
------------------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से प्राप्त जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।