कोरोनाकाल में हमने देखा कि लोग अक्सर इकट्ठा सामान ले लेते हैं और उसके पहले भी पुराने समय में चीजों को स्टोर करके रखा जाता था। किराना खरीदा नहीं जाता था बल्कि भरवाया जाता था। कई चीजें ऐसी हैं जो कि 30 से 40 साल तक भी खराब नहीं होती हैं और कई सामान ऐसे भी होते हैं कि जिन्हें स्टोर किया ही नहीं जा सकता है इसलिए पता कर लें कि किन चीजों को इकट्ठा खरीदने से कोई नुकसान नहीं होता है बल्कि सही दाम व गुणवत्ता में यदि वे मिल रही हैं तो उन्हें स्टोर कर लेना चाहिए। अगली स्लाइड्स से जानिए किन चीजों को स्टोर किया जा सकता है।
इन चीजों को यदि किचन में स्टोर करके रखेंगे तो नहीं होंगी खराब, 30-40 साल तक कर सकेंगे इस्तेमाल
सफेद चावल
सफेद चावल ऐसी चीज है कि जो कि लंबे समय तक खराब नहीं होती है, ऐसे में आप इसे स्टोर कर सकते हैं। सही भाव में अच्छी गुणवत्ता का चावल यदि आपको मिल जाता है तो आप उसे जरूर ज्यादा मात्रा में खरीद लें। कहते हैं कि चावल 30 से 40 साल तक खराब नहीं होते हैं। उनकी खुशबू और स्वाद कई सालों बाद भी वैसा का वैसा ही रहता है।
नमक
यदि बहुत समय पहले आप नमक को कहीं रखकर भूल गए हैं और अचानक वो आपको मिल गया है तो आप उसका उपयोग बिल्कुल कर सकते हैं बस इस बात पर एक बार जरूर ध्यान दें कि वो कहां रखा था क्योंकि यदि वो सुरक्षित जगह पर नहीं रखा होगा या उसे हवा लगी होगी तो संभव है कि उसमें गुठलियां बन सकती हैं या नमी आ सकती है लेकिन यदि ऐसा कुछ नहीं है तो फिर आप उसका उपयोग कर लें।
चीनी
यदि एयर कंटेनर में चीनी ठीक से रखी है तो उसे कुछ नहीं होता है। एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक उसका उपयोग किया जा सकता है। चीनी अपने गुण नहीं खोती है। वो अपना रंग और मिठास को बरकरार रखती है लेकिन चीनी को यदि ठीक तरह से नहीं रखा गया तो उसमें भी चींटी होना या खुला छोड़ देने पर हवा लगना बहुत सामान्य है, जिससे कि चीनी में नमी आ जाती है।
सरसों के दाने
सरसों के दाने ऐसी चीज है जिसे कि आप किसी भी स्थिति में रख दें, वे खराब नहीं होते हैं। यदि कंटेनर गलती से खुला भी रह गया है तब भी उनमें कोई बदलाव नहीं आता है। हवा लगने पर भी वैसै ही रहते हैं और कीड़ा लगने का तो कोई प्रश्न ही नहीं आता है इसलिए आप इन्हें इकट्ठा खरीद सकते हैं और लंबे समय के लिए उपयोग में ले सकते हैं।