भोजन के स्वाद को बढ़ाने के लिए हम कई तरह के मसालों और औषधियों को प्रयोग में लाते हैं। आयुर्वेद के मुताबिक भोजन में मसालों को शामिल करने से न सिर्फ स्वाद को बढ़ाया जा सकता है, साथ ही मसालों के औषधीय गुण सेहत के लिए विशेष लाभदायक माने जाते हैं। हालांकि ध्यान देने वाली बात यह है कि किसी भी मसाले या औषधि का उपयोग सीमित मात्रा में ही किया जाना चाहिए। मसालों और औषधियों का सीमित मात्रा में सेवन जितना फायदेमंद है, वहीं इसकी मात्रा को बढ़ा देना सेहत के लिए काफी नुकसानदायक भी हो सकता है।
सावधान: क्या आप भी भोजन में करते हैं हींग का इस्तेमाल? तो जरूर जान लीजिए यह बातें
कितनी मात्रा में हींग का सेवन है फायदेमंद?
वैसे तो मनुष्यों पर हींग के सेवन और सुरक्षात्मक मात्रा को लेकर सीमित अध्ययन उपलब्ध हैं। आमतौर पर खाना पकाने में उपयोग की जाने वाली हींग की मात्रा ज्यादातर व्यक्तियों के लिए सुरक्षित मानी जाती है। वहीं एक अध्ययन में पाया गया कि प्रतिदिन दो बार में 250 मिलीग्राम हींग के सेवन को सुरक्षित माना जा सकता है। हालांकि, जानवरों पर किए गए अध्ययन से पता चलता है कि हींग की ज्यादा मात्रा मुंह में सूजन, गैस, दस्त, चिंता और सिरदर्द का कारण बन सकती है। विशेषज्ञ हींग के सीमित सेवन की सलाह देते हैं, आइए इसके ज्यादा सेवन से होने वाली दिक्कतों के बारे में जानते हैं।
हो सकती है गैस की समस्या
वैसे तो घरेलू उपायों में पेट की समस्याओं को दूर करने के लिए हींग के सेवन की सलाह दी जाती है, हालांकि इसका लगातार अधिक मात्रा में सेवन पेट में गैस, जलन या दस्त का कारण बन सकता है। हींग के बहुत ज्यादा सेवन से पेट फूल सकता है, भोजन में एक चुटकी हींग को मिलाना उपयुक्त माना जाता है।
रक्तचाप में हो सकती है अनियमितता
लगातार हींग के अधिक मात्रा में सेवन के कारण लोगों को ब्लड प्रेशर में अनियमितता की समस्या हो सकती है। इतना ही नहीं कुछ लोगों में यह सिरदर्द, चक्कर आने और चीजों पर ध्यान न केंद्रित कर पाने की समस्या का भी कारण बन सकती है। ब्लड प्रेशर के रोगियों को डॉक्टर से बिना पूछे हींग का सेवन नहीं करना चाहिए।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक गर्भवती या स्तनपान कराने वाली महिलाओं पर हींग के प्रभाव को लेकर चूंकि ज्यादा अध्ययन उपलब्ध नहीं है, ऐसे में इन्हें हींग का सेवन नहीं करना चाहिए। हींग में मौजूद कुछ यौगिक गर्भ से संबंधित जटिलताओं का कारण बन सकते हैं। गर्भावस्था के दौरान खान-पान को लेकर डॉक्टर से सूची बनवा लेना उचित रहता है। बिना डॉक्टरी सलाह के घरेलू उपायों के रूप में भी इसका सेवन न करें।
--------------------
स्रोत और संदर्भ
Potential side effects of asafoetida
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।