साल 2022 की शुरुआत हो गई है। बीता हुआ साल कोरोना वायरस के खतरे के बीच गुजरा। हर कोई नए साल में स्वस्थ और कोरोना मुक्त जीवन चाहता है लेकिन रोग तारीख बदलने से आते-जाते नहीं। इसके लिए आपको स्वयं प्रयास करना होता है। ऐसे में साल 2022 में स्वास्थ्य को लेकर कुछ संकल्प लें। स्वस्थ मन और सेहतमंद शरीर के लिए अपने खानपान में बदलाव लाएं। नए साल से एक हेल्दी लाइफस्टाइल के लिए पोषण से भरपूर आहार को अपनी डाइट में शामिल करें। कोविड की तीसरी लहर की आशंका अब भी बनी हुई है। ऐसे में विशेषज्ञों का कहना है कि संक्रमण से बचाव के लिए लोगों को सभी आवश्यक सावधानियां बरतने की जरूरत है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ ने लोगों को इम्यूनिटी बढ़ाने वाली चीजों को खानपान में शामिल करने की सलाह दी है। आयुर्वेद विशेषज्ञों के मुताबिक, घर में ही कई सारी ऐसी दिव्य औषधियां और आयुर्वेद आपको आसानी से मिल सकते हैं, जिनका नियमित सेवन शरीर के लिए लाभकारी हो सकता है। साल 2022 में नियमित करें इन पौष्टिक चीजों का सेवन।
New Year 2022: साल 2022 में रहना है सेहतमंद, तो डाइट में शामिल करें ये आहार
नियमित घी का सेवन है फायदेमंद
घी सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होता है। आयुर्वेद विशेषज्ञों के मुताबिक घी में मौजूद पौष्टिकता शरीर को स्वस्थ बनाए रखने में सहायक होती है। इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने के लिए घी का रोजाना सेवन करना चाहिए। इसके साथ ही घी आंखों और त्वचा के लिए भी बेहद फायदेमंद होता है। घी में विटामिन ए, के, ई, ओमेगा-3 और ओमेगा-9 जैसे पोषक तत्व भरपूर मात्रा में होते हैं, जो आंखों को स्वस्थ बनाए रखते हैं। इसके अलावा पाचन को भी दुरुस्त रखते हैं।
तुलसी की पत्तियां बढ़ाती हैं इम्यूनिटी
प्रतिरक्षा की मजबूती के लिए तुलसी की पत्तियां लाभकारी हैं। आयुर्वेद में तुलसी को स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद माना गया है। ये संक्रमण से सुरक्षा देने के लिए आपकी इम्यूनिटी को बढ़ाने में कारगर होती हैं। तुलसी की पत्तियों में फाइटोकेमिकल्स, फ्लेवोनोइड्स और एंटीऑक्सिडेंट यौगिक पाए जाते हैं, जो कई प्रकार के गंभीर रोगों से शरीर को सुरक्षित रखते हैं। इसमें विटामिन ए, सी के साथ कैल्शियम, मैग्नीशियम, फास्फोरस, आयरन और पोटेशियम जैसे पोषक तत्व भी पाए जाते हैं।
सेहत के लिए गुड़ लाभकारी
स्वास्थ्य विशेषज्ञ चीनी के सेवन से परहेज करने की सलाह देते हैं। चीनी की जगह आप गुड़ का सेवन करें। गुड़ में एंटीऑक्सिडेंट और खनिजों जैसे जिंक और सेलेनियम भरपूर मात्रा में होता है। इसका सेवन शरीर के लिए कई प्रकार से लाभदायक माना जाता है। गुड़ में एंटीऑक्सिडेंट पाया जाता है, जो शरीर को कई प्रकार की बीमारियों से सुरक्षित रखने में सहायक हो सकते हैं। इसके अलावा गुड़ में आयरन, मैग्नीशियम और पोटेशियम भी पाया जाते हैं, यह सभी पोषक तत्व शरीर के लिए विशेष फायदेमंद होते हैं।
रोजाना खाएं खजूर
सेहत के लिए खजूर भी लाभकारी होता है। इसमें विटामिन-सी और आयरन पाया जाता है। आयुर्वेद में खजूर को विशेष लाभदायक माना जाता है। खजूर में पाया जाने वाला विटामिन सी प्रतिरक्षा और श्वसन समस्याओं को ठीक करने में उपयोगी है, वहीं आयरन इम्यूनिटी को बेहतर बनाने के साथ रक्त निर्माण के लिए बेहद आवश्यक माना जाता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक, शरीर को स्वस्थ बनाए रखने के लिए नियमित खजूर का सेवन करना चाहिए।
---------
नोट: यह लेख प्रसिद्ध आयुर्वेदाचार्य आचार्य मनीष के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला के हेल्थ एंड फिटनेस कैटेगिरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर और विशेषज्ञों,व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं. लेख में उल्लेखित तथ्यों और सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा परखा व जांचा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठकों की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और ना ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श करें।