जब भी सबसे हेल्दी ड्रिंक्स की बात होती है तो नारियल पानी का सबसे पहले ख्याल आता है। नारियल पानी को इलेक्ट्रोलाइट्स का अच्छा स्रोत माना जाता है, यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को गर्मियों में नारियल पानी पीने की सलाह देते हैं। गर्मियों में शरीर से पसीने के साथ जरूरी मिनरल्स भी निकल जाते हैं, जिसके कारण कमजोरी-थकान हो सकती है, नारियल पानी यहां बहुत फायदेमंद हो सकता है।
सेहत की बात: क्या नारियल पानी पीने से भी ब्लड शुगर बढ़ने का रहता है खतरा? डायबिटीज के मरीज जान लें ये बातें
Coconut Water In Diabetes: नारियल पानी में प्राकृतिक शुगर और कार्बोहाइड्रेट होते हैं, जो ब्लड शुगर बढ़ा सकते हैं। तो क्या डायबिटीज के शिकार लोग इसका नियमित सेवन कर सकते हैं। नारियल पानी को सेहत के लिए कई तरह से फायदेमंद पाया गया है।
नारियल पानी में कितनी शुगर होती है?
मेडिकल रिपोर्ट्स से पता चलता है कि नारियल पानी में प्राकृतिक रूप से शुगर की मात्रा हो सकती है। एक सामान्य 1 कप (240 मिली) नारियल पानी की में लगभग 8 से 9.6 ग्राम प्राकृतिक शुगर (मुख्य रूप से ग्लूकोज, फ्रुक्टोज और सुक्रोज) की मात्रा होती है।
- हालांकि बाजार में कई ब्रांड्स के नाम से भी नारियल पानी बेचा जाता है, इसमें शुगर की मात्रा अधिक हो सकती है। इसलिए हमेशा प्राकृतिक नारियल पानी का ही सेवन किया जाना चाहिए।
क्या डायबिटीज में नारियल पानी पीना सुरक्षित है?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, चूंकि नारियल पानी में प्राकृतिक शुगर की मात्रा होती है इसलिए इसको लेकर ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है। डायबिटीज के मरीज सीमित मात्रा में नारियल पानी पी सकते हैं। हालांकि इसकी मात्रा का ध्यान रखना बहुत जरूरी है।
- नारियल पानी में प्राकृतिक शर्करा और कार्बोहाइड्रेट होते हैं, जो ब्लड शुगर पर असर डाल सकते हैं।
- एक साथ ज्यादा मात्रा पीने से शरीर में कार्बोहाइड्रेट की मात्रा बढ़ जाती है।
- पैकेट वाले नारियल पानी में अतिरिक्त शुगर या अन्य मीठे पदार्थ भी हो सकते हैं। इसलिए लेबल जरूर पढ़ें और हमेशा प्राकृतिक नारियल पानी पीने की ही कोशिश करें।
डायबिटीज के मरीज इन बातों का भी रखें ध्यान
नारियल पानी पीना चाहिए या नहीं, इसका फैसला केवल डायबिटीज होने के आधार पर नहीं किया जा सकता। ब्लड शुगर, किडनी की सेहत और खानपान की जरूरतों को भी समझना जरूरी है।
- यदि डॉक्टर की सलाह के अनुसार नारियल पानी पी रहे हैं, तो इसका सेवन कम मात्रा में ही करें।
- नारियल पानी में पोटैशियम की मात्रा होती है। किडनी की समस्या या खून में पोटैशियम बढ़ने की स्थिति में ज्यादा नारियल पानी पीना नुकसानदायक हो सकता है।
- आप अपनी डाइट और डॉक्टर की सलाह के अनुसार दिन में किसी भी उपयुक्त समय पर इसका सेवन कर सकते हैं।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।