हमारे शरीर का मैकेनिज्म आपस में सभी अंगों की सेहत से जुड़ा हुआ है, मतलब अगर शरीर के किसी भी हिस्से में कोई दिक्कत होती है तो इसका प्रभाव पूरे शरीर पर पड़ सकता है। मेटाबॉलिज्म और वजन बढ़ने की समस्या भी इसी तरह की है। आमतौर पर जिन लोगों का वजन बढ़ा हुआ होता है वह इसे कम करने के लिए कई उपाय करते रहते हैं, पर स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, सबसे पहले हमें बीमारी किस वजह से है, यह जानना जरूरी हो जाता है। यदि आपका वजन बढ़ा हुआ है तो यह संकेत है कि आपको मेटाबॉलिज्म से संबंधित समस्याएं हो सकती हैं।
Health Tips: मेटाबॉलिज्म गड़बड़ है तो लाख कोशिशों के बाद भी नहीं कम होगा वजन, जानिए इसे कैसे ठीक करें?
मेटाबॉलिज्म का वजन पर असर
हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने बताया कि जब आपका मेटाबॉलिक रेट सामान्य से कम होता है तो कैलोरी बर्न की प्रक्रिया भी धीमी हो जाती है, जिसका अर्थ है कि शरीर में वसा की मात्रा अधिक हो सकती है। वहीं फास्ट मेटाबॉलिज्म की स्थिति में आप अधिक कैलोरी बर्न कर पाते हैं, ऐसे में भले ही आप अधिक खा रहे होते है पर उसका उर्जा के रूप में सही तरीके से उपयोग हो जाता है और शरीर में फैट की मात्रा भी नहीं बढ़ती है।
यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को मेटाबॉलिज्म को स्वस्थ रखने वाले उपाय करते रहने की सलाह देते हैं। आइए जानते हैं कि मेटाबॉलिज्म को ठीक करने के लिए क्या प्रयास किए जा सकते हैं?
अधिक पानी पीना हो सकता है लाभकारी
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने पाया कि जो लोग दिनभर में अधिक पानी पीते हैं, उन्हें वजन कम करने और इसे नियंत्रित रखने में अधिक लाभ मिल सकता है। पानी अस्थायी रूप से आपके मेटाबॉलिज्म को भी तेज कर सकती है। अध्ययनों की एक समीक्षा से पता चला है कि 500 एमएल पानी पीने से लगभग एक घंटे तक रेस्टिंग मेटाबॉलिज्म 30% तक बढ़ जाता है। अगर आप अपना वजन कम करना चाहते हैं तो पानी अधिक पीने से लाभ मिल सकता है।
हाई इंटेंसिटी वर्कआउट करें
हाई इंटेंसिटी इंटरवल ट्रेनिंग (HIIT) व्यायाम को भी शोधकर्ताओं ने मेटाबॉलिज्म को बढ़ावा देने और वजन को कम करने में अधिक लाभकारी पाया है। यह आपके मेटाबॉलिज्मक की दर को बढ़ाकर अधिक फैट बर्न करने में भी मदद कर सकती है। ऐसा माना जाता है कि अन्य प्रकार के व्यायामों की तुलना में HIIT के माध्यम से मेटाबॉलिज्म बढ़ाने और वजन को कम करने में अधिक लाभ पाया जा सकता है।
अधिक समय तक खड़े रहने का करें प्रयास
बहुत अधिक बैठने से आपके स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। ऐसा इसलिए है क्योंकि लंबे समय तक बैठने से कम कैलोरी बर्न होती है और वजन बढ़ सकता है। अध्ययनों की समीक्षा में पाया गया कि काम के दौरान अधिक समय तक खड़े रहने से कार्डियोमेटाबोलिक जोखिम (सीएमआर) स्कोर, वजन, शरीर में फैट, सिस्टोलिक और डायस्टोलिक रक्तचाप में अधिक सुधार हो सकता। कोशिश करें कि बैठने की अपेक्षा अधिक से अधिक समय तक खड़े रहें।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।