अगर आप चाहते हैं कि सेहत ठीक रहे, क्रोनिक बीमारियों के खतरे से बचे रहें तो इसके लिए सबसे जरूरी है कि आप खान-पान की चीजों को लेकर विशेष सावधानी बरतते रहें। हम जो कुछ भी खाते-पीते हैं उसका सीधा असर हमारी सेहत पर होता है। गर्मी के दिनों में ठंडक के एहसास के लिए आइसक्रीम खाना भी हमारी पहली पसंद में से एक रहा है, पर क्या आप जानते हैं कि असल में इससे सेहत को कई प्रकार के नुकसान हो सकते हैं?
विशेषज्ञ ने बताया: फ्रूट-जूस से लेकर आइसक्रीम तक, सेहत के लिए बहुत हानिकारक हो सकती हैं ये चीजें, रहें सावधान
पैक्ड जूस को खराब होने से बचाने के लिए मिलाए जाते हैं रसायन
पैक्ड जूस को एक साल और उससे अधिक समय तक भी स्टोर किया जा सकता है। इन्हें लंबे समय तक ताजा रखने की प्रक्रिया के दौरान इसके जरूरी विटामिन्स नष्ट हो जाते हैं। यदि आप पैक किए गए जूस के इंग्रेडिएंट्स को देखेंगे तो आपको इनमें ऐडेड शुगर के साथ-साथ स्वाद को ताजा रखने और जूस से कोई अप्रिय गंध न आए इससे बचाने के लिए कई प्रकार के रसायनों को मिलाया जाता है। कई अध्ययनों में पाया गया है कि इस प्रकार के रसायन शरीर को कई प्रकार से नुकसान पहुंचाने वाले हो सकते हैं।
मोटापा और डायबिटीज जैसी बीमारियों का जोखिम
पैक्ड जूस में ऐडेड शुगर के कारण ये न केवल मीठे होते हैं, बल्कि घर पर बने ताजे जूस की तुलना में कैलोरी में भी अधिक होते हैं। ये कैलोरी शरीर में अतिरिक्त वजन को बढ़ाने वाली हो सकती है, यानी कि अगर आप अक्सर इन जूस का सेवन करते हैं तो समय के साथ बेली फैट और मोटापा बढ़ने का खतरा हो सकता है।
पैक्ड जूस में कार्बोहाइड्रेट की भी मात्रा होती है जो रक्त शर्करा के स्तर को बढ़ा सकते हैं और लंबे समय में मधुमेह का कारण बन सकते हैं।
आइसक्रीम से बच्चों की सेहत को नुकसान
बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को आइसक्रीम पसंद होती है हालांकि कुछ शोध बताते हैं कि जो लोग अक्सर आइसक्रीम खाते हैं उनका कैलोरी इंटेक अधिक हो सकता है। बच्चों की सेहत पर इसके कई प्रकार के दुष्प्रभाव देखे गए हैं। आइसक्रीम में अक्सर चीनी और वसा की मात्रा अधिक होती है, जिससे वजन बढ़ने का खतरा रहता है। इसके अलावा आइसक्रीम के कारण दांतों में झनझनाहट और कैविटी की समस्या बढ़ने का भी खतरा देखा जाता हहा है
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।