ब्लड शुगर का स्तर बढ़े रहने के कारण संपूर्ण स्वास्थ्य पर कई प्रकार से नकारात्मक असर हो सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, जिन लोगों का शुगर लेवल अक्सर बढ़ा हुआ रहता है उनमें टाइप-2 डायबिटीज की समस्या होने का खतरा रहता है। वहीं जिन लोगों को पहले से ही मधुमेह की दिक्कत है उनमें शुगर बढ़े रहने की स्थिति आंखों, तंत्रिका, हृदय और कि़डनी जैसे अंगों के लिए गंभीर समस्याकारक हो सकती है। यही कारण है कि सभी लोगों को लगातार शुगर की जांच करते रहने और इसके कंट्रोल करने के उपाय करने की सलाह दी जाती है।
Diabetes: बढ़ा रहता है ब्लड शुगर? चिंता की बात नहीं- इस पेय से आपको मिल सकता है लाभ
भिंडी के पानी से मिल सकता है लाभ
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, भिंडी की सब्जी हो या इसका पानी पीना, दोनों को ही शुगर के मरीजों के लिए फायदेमंद माना जाता रहा है। भिंडी कई प्रकार के पोषक तत्वों के साथ फाइबर, मैंगनीज, मैग्नीशियम का भी अच्छा स्रोत है, जिसे अध्ययनों में मेटाबॉलिज्म और रक्त शर्करा को कंट्रोल में रखने वाला माना जाता है। विशेषज्ञ कहते हैं, रात में भिंडी के टुकड़ों को पानी में भिगाकर सुबह खाली पेट अगर इसका सेवन किया जाता है तो इससे ब्लड शुगर को बेहतर तरीके से कंट्रोल रखने में मदद मिल सकती है।
इसमें विटामिन-सी भी होता है, जो एंटीऑक्सीडेंट के रूप में कार्य करता है और प्रतिरक्षा कार्यों को बढ़ावा देने में सहायक है।
डायबिटीज रोगियों के लिए फायदेमंद
कई शोध इस बात को प्रमाणिकता देते हैं कि भिंडी का पानी पीना डायबिटीज रोगियों के लिए काफी लाभप्रद हो सकता है। एक समीक्षा में पाया गया कि भिंडी में कई फायदेमंद यौगिक जैसे पॉलीफेनोल्स और फ्लेवोनोइड्स होते हैं जो रक्त शर्करा के स्तर को कम करने में मदद कर सकते हैं। सुबह खाली पेट इसके सेवन से अधिकतम लाभ पाया जाता है क्योंकि सुबह के समय मेटाबॉलिज्म सबसे अच्छा रहता है।
अध्ययन में क्या पता चला?
टाइप-2 डायबिटीज वाले 60 लोगों पर 8 सप्ताह तक अध्ययन करके शोधकर्ताओं ने ये जानने की कोशिश की गई कि भिंडी का पानी किस प्रकार से डायबिटीज रोगियों की सेहत को लाभ पहुंचा सकती है। अध्ययन में पाया गया कि भिंडी का पानी पीने या इसके पाउडर के सेवन से इंसुलिन प्रतिरोध में सुधार हुआ, जो बेहतर रक्त शर्करा प्रबंधन के लिए आवश्यक है।
इसी तरह एक अन्य टेस्ट-ट्यूब अध्ययन में पाया गया कि भिंडी का अर्क मधुमेह से संबंधित नेफ्रोपैथी, किडनी से संबंधित जटिलताओं को रोकने में मदद करने के लिए कुछ एंजाइमों और प्रोटीन को बढ़ावा दे सकती है।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, ज्यादातर शोध मानते हैं कि डायबिटीज में भिंडी का पानी या इसकी सब्जी खाने से लाभ मिल सकता है। फिर भी, इसके दीर्घकालिक रूप से मानव स्वास्थ्य पर अध्ययन की आवश्यकता है। अधिकतर लोगों के लिए इस उपाय को सुरक्षित और लाभप्रद पाया गया है पर जो लोग पहले से ही शुगर को कंट्रोल रखने के लिए इंसुलिन शॉट्स से रहे हैं उन्हें शुगर को कम करने वाले किसी अन्य उपाय को प्रयोग में लाने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर ले लेनी चाहिए।
---------------
स्रोत और संदर्भ
Abelmoschus esculentus (L.): Bioactive Components’ Beneficial Properties—Focused on Antidiabetic Role—For Sustainable Health Applications
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।