अंडे हमारे दैनिक खान-पान का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इसमें प्रोटीन के साथ कई जरूरी पोषक तत्व होते हैं, यही कारण है कि इसे सुपरफूड माना जाता रहा है। पर क्या अंडे वास्तव में उतने ही फायदेमंद हैं जितना हम सुनते आ रहे हैं?
सेहत की बात: क्या अंडा खाने से कोलेस्ट्रॉल बढ़ता है? जानिए इस बात में कितनी सच्चाई
अंडे की जर्दी में कोलेस्ट्रॉल होता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि अंडा खाने से आपको कोलेस्ट्रॉल की दिक्कत हो जाएगी। स्वस्थ लोगों के संतुलित आहार में रोज दो-तीन अंडा शामिल किए जा सकते हैं।
मिथ: अंडा खाते ही कोलेस्ट्रॉल बढ़ जाएगा
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, अंडा खाने से कोलेस्ट्रॉल बढ़ने की बात पूरी तरह से सही नहीं है। एक बड़े आकार अंडे में लगभग 200 मिलीग्राम डाइटरी कोलेस्ट्रॉल होता है, जो मुख्य रूप से जर्दी में होता है। जिस कोलेस्ट्रॉल को लेकर हम सबसे ज्यादा चिंतित रहते हैं वो केवल खाने से मिलने वाले कोलेस्ट्रॉल पर से नहीं बढ़ता है। आहार में संतृप्त वसा की मात्रा, आपका वजन, शारीरिक गतिविधि जैसी स्थितियां इसका खतरा बढ़ाने वाली मानी जाती हैं।
- अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के अनुसार स्वस्थ व्यक्ति अपने संतुलित आहार में रोज एक पूरा अंडा शामिल कर सकते हैं।
मिथक: अंडे की जर्दी निकाल दें तो अंडा ज्यादा हेल्दी हो जाता है
अंडे की सफेदी प्रोटीन का अच्छा स्रोत है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि जर्दी बेकार या नुकसानदायक है। जर्दी में प्रोटीन के साथ कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जिनमें विटामिन ए, विटामिन डी, विटामिन बी12, कोलीन और कुछ खनिज शामिल हैं। कोलीन शरीर में कोशिकाओं के काम और दिमाग से जुड़ी कई प्रक्रियाओं के लिए जरूरी पोषक तत्व है।
- अगर आपको केवल प्रोटीन की जरूरत हो तो सफेद भाग खाना अच्छा विकल्प हो सकता है। लेकिन रोजना 1-2 पूरा अंडा खाने से नुकसान नहीं होता।
मिथक: कच्चा अंडा ज्यादा ताकत देता है
जिम या शरीर की ताकत बढ़ाने के नाम पर कच्चा अंडा पीना काफी लोकप्रिय है, लेकिन इससे कोई खास अतिरिक्त फायदा साबित नहीं हुआ है।
- अंडे को पकाने से उसका प्रोटीन शरीर के लिए ज्यादा आसानी से पचने और इस्तेमाल होने योग्य हो जाता है।
- इसके अलावा कच्चे अंडे में साल्मोनेला जैसे हानिकारक बैक्टीरिया मौजूद होने का जोखिम रहता है। इससे उल्टी, दस्त, पेट दर्द और बुखार जैसी समस्या हो सकती है।
मिथक: अंडा खाने से वजन तेजी से बढ़ता है
सामान्य अंडे में अच्छी मात्रा में प्रोटीन होता है और वह पेट को भरा हुआ महसूस कराने में मदद कर सकता है। यही वजह है कि संतुलित डाइट में अंडे को वजन नियंत्रित करने वाले भोजन का हिस्सा भी बनाया जा सकता है।
- वजन बढ़ना या घटना इस बात पर निर्भर करता है कि आप पूरे दिन में कितनी कैलोरी ले रहे हैं, कितनी शारीरिक गतिविधि करते हैं और बाकी डाइट कैसी है? 1-2 अंडा खाने से इसपर असर नहीं होता।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।