दिवाली को 'प्रकाश का पर्व' कहा जाता है और यह भारत में मनाए जाने वाले प्रमुख त्योहारों में से एक है। लोगों में खुशी, उत्सव और एकजुटता की भावना लाने वाले इस पर्व का सभी लोगों को बेसब्री से इंतजार रहता है।
Diwali 2024: त्योहारी सीजन में कहीं बढ़ न जाए शुगर लेवल, डायबिटीज रोगी इन बातों का रखें खास ध्यान
कहीं बढ़ न जाए शुगर का लेवल?
पिछले कुछ वर्षों के आंकड़े उठाकर देखें तो पता चलता है कि त्योहारी सीजन के दौरान डायबिटीज के अधिकतर रोगी बढ़े हुए ब्लड शुगर की समस्या की शिकायत करते हैं। इसका प्रमुख कारण खान-पान को लेकर बरती गई लापवाही हो सकती है।
मधुमेह रोगियों के मन में अक्सर यह सवाल रहता है कि 'क्या डायबिटीज में मिठाई खा सकते हैं?' आइए जानते हैं कि इस बारे में डॉक्टर की क्या सलाह है?
क्या है विशेषज्ञ की सलाह?
अमर उजाला से बातचीत में पुणे स्थित एंडोक्राइन विशेषज्ञ डॉ नुपुर अग्रवाल कहती हैं, जिन लोगों को हाई ब्लड शुगर की समस्या है या फिर जो लोग इंसुलिन ले रहे हैं उन्हें किसी भी तरह की ऐसी चीजों को खाने से बचना चाहिए जिनसे शुगर लेवल बढ़ सकता है। मिठाइयां, कार्बोहाइड्रेट या एडेड शुगर वाली चीजें आपकी जटिलताओं को बढ़ाने वाली हो सकती हैं।
त्योहार के दौरान रक्त शर्करा को नियंत्रित रखने के लिए स्वस्थ और पौष्टिक आहार का सेवन, शारीरिक रूप से सक्रिय रहना और नियमित रूप से ब्लड शुगर की जांच करते रहना जरूरी है।
दीपावली के दौरान कैसा होना चाहिए खान-पान?
शुगर के स्तर को कंट्रोल रखने के लिए डायबिटीज रोगियों को मिठाइयों से परहेज करना चाहिए। जिन लोगों का शुगर अक्सर बढ़ा रहता है उन्हें और भी सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है। चीनी की बजाय गुड़ और ड्राई फ्रूट्स से बने मिठाइयों का संयमित सेवन किया जा सकता है।
आहार में फाइबर वाली चीजों की मात्रा बढ़ा दें, जिससे मीठा खाने के कारण होने वाले दुष्प्रभावों को कम किया जा सके। इसके अलावा दिनभर में खूब पानी पीते रहना जरूरी है, इससे शुगर को कंट्रोल रखना आसान हो सकता है। मैदा की जगह साबुत अनाज के आटे से तैयार पकवानों का सेवन करना चाहिए।
इन टिप्स पर दें ध्यान
डॉक्टर कहती हैं, दिवाली आते ही ज्यादातर लोग अपनी कैलोरी इंटेक पर ध्यान नहीं दे पाते हैं। शुगर को नियंत्रित बनाए रखने के लिए कुछ बातों का खास ध्यान रखा जाना चाहिए।
- तली हुई नमकीन और मिठाइयों की जगह स्वस्थ आहार विकल्प चुनें।
- मिठाई की जगह, सूखे मेवे और गुड़ से तैयार चीजों का सेवन करें।
- त्योहारों के दौरान व्यायाम न छोड़ें, शुगर को कंट्रोल रखने के लिए शारीरिक रूप से सक्रिय रहना जरूरी है।
- शुगर लेवल की जांच करते रहें। अगर ये बढ़ा हुआ रहता है तो डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।
-------------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।