मानसून का ये मौसम कई प्रकार की बीमारियों का घर माना जाता है, इस दौरान सबसे ज्यादा खतरा मच्छर जनित बीमारियों का रहता है। हर साल जुलाई से अक्तूबर के महीने में दिल्ली-एनसीआर सहित कई राज्यों में डेंगू के मामले काफी बढ़ जाते हैं। डेंगू, मच्छरों के काटने से होने वाली गंभीर बीमारी है, जिसमें समय पर इलाज न होने से जान भी जा सकती है। एडीज मच्छरों के काटने से ये संक्रमण फैलता है।
Dengue: मंडरा रहा है डेंगू का खतरा, जानिए डेंगू हो जाए तो क्या करें और किन गलतियों से बचें?
विश्व स्वास्थ्य संगठन की रिपोर्ट के अनुसार दुनियाभर में हर साल करीब 39 करोड़ लोग डेंगू से संक्रमित होते हैं, जिनमें से लाखों को अस्पताल में भर्ती होना पड़ता है।
डेंगू के मामले हो सकते हैं खतरनाक
डॉक्टर कहते हैं, अगर डेंगू हो भी गया है तो घबराएं नहीं। डॉक्टर की सलाह पर कुछ दवाओं और सेहत पर ध्यान देकर इसके खतरों से बचा जा सकता है।
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने एक रिपोर्ट में बताया डेंगू की समस्या दो-सात दिनों की होती है, हालांकि गंभीर स्थितियों में इसका जोखिम अधिक हो सकता है। इसके कारण सिरदर्द, रेट्रो-ऑर्बिटल पेन, त्वचा पर दाने होने, रक्तस्राव की समस्या का खतरा हो सकता है। बच्चों में डेंगू आमतौर पर हल्का होता है। वहीं कुछ वयस्कों में ये हड्डियों में गंभीर दर्द के साथ अन्य जटिलताओं का कारण बन सकती है।
डेंगू होने पर क्या करें
डेंगू के कारण शरीर में तरल पदार्थ की कमी हो सकती है, इसलिए हाइड्रेटेड रहना बहुत जरूरी है।
- पानी, नारियल पानी, इलेक्ट्रोलाइट्स और ताजे फलों का रस पिएं ताकि शरीर में पानी की कमी न हो।
- डेंगू से शरीर काफी कमजोर हो जाता है। इसलिए पर्याप्त आराम करना जरूरी है।
- डॉक्टर की सलाह से सिर्फ पैरासिटामोल लें। इससे बुखार और शरीर के दर्द में राहत मिलती है।
- प्लेटलेट काउंट की जांच कराएं। प्लेटलेट्स कम होने पर स्थिति गंभीर हो सकती है।
- हरी सब्जियों, फलों और प्रोटीन से भरपूर खाद्य पदार्थों का सेवन करें ताकि शरीर को पोषण मिल सके।
डेंगू होने पर क्या न करें
- शरीर को हाइड्रेटेड रखने में कमी न करें। पानी की कमी से स्थिति गंभीर हो सकती है।
- डेंगू के दौरान भारी शारीरिक कार्य या व्यायाम से बचें, क्योंकि इससे थकान और कमजोरी बढ़ सकती है।
- अगर शरीर के किसी हिस्से से खून बह रहा हो, तो इसे हल्के में न लें। यह डेंगू हेमोरेजिक फीवर का संकेत हो सकता है।
- डेंगू फैलाने वाले मच्छर दिन के समय ज्यादा सक्रिय होते हैं, इसलिए मच्छरों से बचने के लिए उचित कदम उठाएं।
-----------------------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।