देशभर में सर्दी के मौसम की शुरुआत हो चुकी है। कई लोगों को यह मौसम बहुत पसंद होता है, इसका एक कारण खाने के लिए उपलब्ध तमाम तरह के विकल्प हो सकते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक कई चीजें इस मौसम को खास जरूर बनाती हैं, लेकिन सर्दियां अपने साथ कई तरह से सेहत से संबंधित जोखिमों को भी लेकर आती हैं। यही कारण है कि इस मौसम में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता होती है, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों की अतिरिक्त देखभाल इस मौसम में जरूरी होती है।
विशेषज्ञों की सलाह: सर्दियों में जरूर कीजिए इन 'सुपरफूड्स' का सेवन, स्वाद और सेहद दोनों से हैं भरपूर
रोजाना कीजिए अदरक का सेवन
अदरक वाली कड़क चाय हर किसी को पसंद होती है, अपने स्वाद बढ़ाने वाले गुणों के अलावा, अदरक कई तरह के स्वास्थ्य लाभ भी प्रदान करता है। सर्दियों में इसका सेवन करना बेहद फायदेमंद माना जाता है। अदरक में एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं जो सर्दी से संबंधित विभिन्न बीमारियों जैसे गले में खराश, वायरल संक्रमण, नाक बंद की समस्या को ठीक करने में मदद कर सकते हैं।
मटर खाने के फायदे
सर्दियों में मटर भरपूर मात्रा में उपलब्ध होता है। बेहतरीन सब्जी होने के साथ इसे सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद माना जाता है। मटर, फाइबर, एंटीऑक्सिडेंट और अन्य पोषक तत्वों का समृद्ध स्रोत होने के कारण सर्दियों के लिए एक उत्कृष्ट भोजन का विकल्प हो सकता है। हालांकि, मटर के अधिक सेवन से बचें क्योंकि इससे गैस, पेट में सूजन और पाचन संबंधी अन्य समस्याएं हो सकती हैं।
विटामिन-सी युक्त फलों का करें सेवन
सर्दियों के मौसम में ताजे रसदार और खट्टे फल जैसे संतरे, कीनू, अंगूर प्रचुर मात्रा में उपलब्ध होते हैं। ये सभी विटामिन सी से भरपूर सुपरफूड होते हैं। विटामिन सी प्रतिरक्षा को बढ़ावा देने में मदद करने के साथ शरीर को हाइड्रेटेड रखने, पाचन में सुधार करने के साथ त्वचा, हड्डियों और बालों को स्वस्थ बनाए रखने में सहायक होता है।
जरूर करें शहद का सेवन
तमाम अध्ययनों में शहद खाने को विशेष लाभदायक बताया गया है, विशेष रूप से सर्दियों के मौसम में शहद का सेवन और भी आवश्यक माना जाता है। शहद में एंटी-इंफ्लामेटरी और एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं जो कई बीमारियों से आपको सुरक्षित रखने में सहायक है। इसके अलावा सर्दियों में त्वचा के सूखापन, फटे होंठ और प्रतिरक्षा को बढ़ावा देनें में भी शहद फायदेमंद माना जाता है। शहद को त्वचा पर लगाने के भी की लाभ के बारे में अध्ययनों से पता चलता है।
----------------
नोट: यह लेख स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।