एलोवेरा एक लोकप्रिय औषधीय पौधा है जिसका उपयोग हजारों वर्षों किया जाता आ रहा है। सनबर्न को दूर करने और घावों को ठीक करने वाले उत्पादों में एलोवेरा को प्रयोग में लाया जाता रहा है। पर क्या आप जानते हैं त्वचा संबंधी लाभ के अलावा एलोवेरा का इस्तेमाल कई तरह की अन्य स्वास्थ्य समस्याओं में भी फायदेमंद हो सकता है? एलोवेरा को लेकर तमाम अध्ययनों में वैज्ञानिक इसके अविश्वसनीय गुणों के बारे में बताते हैं। हार्टबर्न की समस्या से लेकर स्तन कैंसर के प्रसार को धीमा करने तक में एलोवेरा कई प्रकार से सेहत के लिए वरदान माना जा सकता है।
आज का हेल्थ टिप्स: त्वचा से लेकर पेट तक की समस्याओं के लिए फायदेमंद है एलोवेरा, जानिए इसके स्वास्थ्य लाभ
एंटीऑक्सिडेंट और एंटीबैक्टीरियल गुणों से भरपूर
अध्ययनों से पता चलता है कि एलोवेरा में एंटीऑक्सिडेंट और एंटीबैक्टीरियल गुण पाए जाते हैं जो इस पौधे को औषधीय रूप से काफी खास बनाते हैं। एलोवेरा जेल में पॉलीफेनोल्स नामक शक्तिशाली एंटीऑक्सिडेंट होते हैं। ये मनुष्यों में संक्रमण पैदा करने वाले कुछ बैक्टीरिया के विकास को रोकने में मदद करते हैं। एलोवेरा अपने एंटीबैक्टीरियल, एंटीवायरल और एंटीसेप्टिक गुणों के लिए भी जाना जाता है। यही कारण है कि यह घावों को भरने और त्वचा की समस्याओं का इलाज करने में मदद कर सकता है।
टाइप-2 डायबिटीज में लाभदायक
एलोवेरा जूस का सेवन करना डायबिटीज रोगियों के लिए विशेष लाभदायक हो सकता है। इंटरनेशनल जर्नल ऑफ फाइटोथेरेपी एंड फाइटोफार्मेसी में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, प्रतिदिन दो बड़े चम्मच एलोवेरा जूस पीने से टाइप-2 डायबिटीज वाले लोगों में ब्लड शुगर का स्तर नियंत्रित बना रह सकता है। इसका मतलब यह है कि एलोवेरा को मधुमेह का संभावित इलाज या नियंत्रक माना जा सकता है। जो लोग ग्लूकोज कम करने वाली दवाएं पहले से लेते हैं, उन्हें एलोवेरा का सेवन करने से पहले डॉक्टर की सलाह ले लेनी चाहिए।
कम कर सकता है स्तन कैंसर का खतरा
क्या आप जानते हैं कि एलोवेरा कैंसर के जोखिमों को भी कम कर सकता है? एक अध्ययन में वैज्ञानिकों ने पाया कि एलोवेरा में एलो इमोडिन नामक यौगिक पाया जाता है। यह स्तन कैंसर के विकास को धीमा करने की क्षमता रखता है। एलोवेरा जूस का नियमित रूप से सेवन करना आपको इस कैंसर के जोखिम से बचाने में सहायक हो सकता है। हालांकि, इस सिद्धांत की पुष्टि के लिए और अधिक अध्ययन की आवश्यकता है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।