Chhath Puja 2023 Fasting Tips: महापर्व छठ पूजा की शुरुआत 17 नवंबर से हो गई है। चार दिन का यह पर्व हिंदू धर्म के सबसे कठिन व्रतों में से एक है। छठ पूजा के दौरान 36 घंटे का निर्जला उपवास रखा जाता है। पहले दिन नहाय खाय होता है, जिस दिन व्रती भोजन ग्रहण करते हैं। उसके बाद से उपवास शुरू होता है। लगातार 36 घंटे अन्न व जल का सेवन न करने से स्वास्थ्य पर असर हो सकता है।
Chhath Puja 2023: छठ में व्रत रखते समय सेहत का रखें ध्यान, ऊर्जावान रहने के लिए अपनाएं ये टिप्स
गर्मी से दूर रहें
वैसे तो छठ पूजा के दौरान मौसम में कुछ ठंडक महसूस होने लगती है लेकिन उपवास के दौरान ऊर्जावान रहने और प्यास लगने से बचने के लिए गर्मी व धूप से बचें। व्रती को धूप में निकलने से बचना चाहिए। धूप के कारण अधिक प्यास लगती है। इसके अलावा अधिक मेहनत करने से भी शरीर की ऊर्जा व्यय होती है और भूख व प्यास महसूस हो सकती है। इसलिए मेहनत वाले काम करने से बचे और ऊर्जा को बनाए रखें।
ज्यादा बातचीत न करें
अधिक बोलते समय गला सूखने लगता है और प्यास का एहसास होता है। छठ पूजा के उपवास के दौरान ज्यादा बातचीत न करें। इससे थकान भी कम आएगी और भूख प्यास भी कम लगेगी।
बर्फ का उपयोग
उपवास के दौरान प्यास का एहसास होने पर बर्फ का उपयोग कर सकते हैं। एक साफ कपड़े में बर्फ डालकर चेहरे और गर्दन पर लगाएं। शरीर के ब्लड वेसल्स को इससे आराम मिलता है और प्यास कम लगती है। शरीर को ठंडक मिलने से ऊर्जा भी बनी रहती है।
सांस लेने का तरीका
व्रत के दौरान भूख और प्यास के कारण तबीयत खराब हो सकती है। लोग भूख प्यास व ऊर्जा की कमी के कारण मुंह से श्वास लेने लगते हैं। ये सांस लेने का गलत तरीका है। मुंह से सांस लेने से गला अधिक सूखता है और प्यास अधिक महसूस होती है। इसलिए मुंह नहीं बल्कि नाक से ही श्वांस लें।