वंदना त्यागी
Spring Gardening Tips Hindi: वसंत ऋतु का आगमन होते ही मौसम में एक नई ताजगी घुल जाती है। पेड़ों पर नई कोपलें आती हैं, खेत सरसों के पीले फूलों से चमक उठते हैं और हर घर की बगिया रंग-बिरंगे फूलों और खुशबुओं से भरने लगती है। यही कारण है कि वसंत को ऋतुराज कहा जाता है। ऐसे में अगर आप सही फूलों का चुनाव और उनकी थोड़ी देखभाल करें तो आपकी बगिया जीवंत, खुशबूदार और मनमोहक बन जाएगी।
किन फूलों का चुनाव
बसंत ऋतु फूलों के पौधे लगाने का सबसे उत्तम समय होता है। इस मौसम में गुलाब सबसे पहली पसंद होता है, जिन्हें आप कई रंगों में लगा सकती हैं। गेंदा भी कई रंगों में उपलब्ध होता है और बगिया को चमकदार बना देता है। पेटुनिया के घंटीनुमा, रंग-बिरंगे फूल क्यारियों और गमलों दोनों में खूब खिलते हैं। लिली के छोटे-बड़े फूल लंबे समय तक टिकते हैं। इसके अलावा डायन्थस, फ्लॉक्स, डेहलिया, मोगरा और बुरांश जैसे फूल भी बसंत में खूब खिलते हैं।
2 of 4
गार्डनिंग टिप्स
- फोटो : Adobe
सही जगह का चयन
आपकी बगिया में वसंती फूल अच्छी तरह खिलें, इसके लिए सही जगह का चयन बहुत जरूरी है। अधिकतर फूलों को हल्की सी तेज धूप पसंद होती है, इसलिए उन्हें ऐसी जगह लगाएं, जहां रोज कम से कम चार से छह घंटे धूप आती हो। पौधे अगर गमलों में लगा रही हैं, तो उन्हें समय-समय पर धूप में रखें। पौधों के लिए बहुत तेज धूप या पूरी छांव दोनों ही नुकसानदेह होती हैं, जो आपकी सुंदर बगिया को बेजान कर सकती है।
3 of 4
पौधे में पानी देने का सही तरीका
- फोटो : Instagram
पानी, खाद और मिट्टी
वसंत ऋतु में बढ़ते तापमान और नई वृद्धि के कारण पौधों को अधिक पानी की आवश्यकता होती है। अच्छी वृद्धि के लिए पौधों की मिट्टी ऐसी होनी चाहिए, जिसमें पानी जमा न हो। हर 15–20 दिन में जैविक खाद या गोबर की खाद डालने से पौधे अच्छी तरह से बढ़ते हैं। वहीं हफ्ते में एक बार पत्तियों पर पानी का हल्का स्प्रे करने से पौधों में ताजगी बनी रहती है। साथ ही जरूरत हो तो जड़ों में फंगीसाइड का उपयोग भी किया जा सकता है।
4 of 4
छंटाई करना जरूरी
- फोटो : Adobe Stock
छंटाई करना जरूरी
वसंत ऋतु कटाई-छंटाई और पौधों के गमले बदलने के लिए भी सबसे सही समय होता है। सूखी टहनियों और मुरझाए फूलों को हटाने से पौधे और बेहतर तरीके से बढ़ते हैं। फूलों से सजी बगिया घर की सुंदरता बढ़ाती है, तनाव कम करती है और मन को शांति देती है। आज के व्यस्त जीवन में प्रकृति के सानिध्य में कुछ पल बिताने के लिए घर की बगिया सबसे सुरक्षित और सुकूनभरी जगह बन जाती है।
- कैलेंडुला : यह चमकीले पीले और नारंगी रंग का फूल होता है, जो कम देखभाल में भी खूब खिलता है।
- क्लार्किया : हल्के गुलाबी और बैंगनी रंगों वाला यह फूल बगीचे को सॉफ्ट और एस्थेटिक लुक देता है।
- गोमफ्रेना : यह लंबे समय तक खिलने वाला फूल है, जो सूखने पर भी अपनी रंगत बनाए रखता है।