UPPSC RO-ARO Exam: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की आरओ-एआरओ भर्ती परीक्षा 27 जुलाई को आयोजित होने जा रही है। परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलविहीन बनाने के लिए प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। ऐसे में अभ्यर्थियों के लिए कुछ जरूरी नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।
UPPSC: आरओ-एआरओ परीक्षा आज, ओएमआर शीट से लेकर बारकोड तक... इन बातों का रखें विशेष ध्यान; हो सकती है दिक्कत
UPPSC RO-ARO Exam 2025: आरओ-एआरओ परीक्षा 27 जुलाई को होगी। परीक्षा में ओएमआर शीट और बारकोड से जुड़ी कुछ जरूरी बातों का खास ध्यान रखना जरूरी है, वरना छोटी सी गलती भी बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है।
2382 केंद्रों पर बैठेंगे 10 लाख से अधिक अभ्यर्थी
आरओ-एआरओ भर्ती परीक्षा का आयोजन 27 जुलाई को सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक एक ही पाली में किया जाएगा। 411 पदों पर भर्ती के लिए करीब 10 लाख 76 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इतनी बड़ी संख्या में आवेदन आने के कारण पहली बार आयोग को पूरे उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में परीक्षा केंद्र बनाने पड़े हैं। यह परीक्षा पूरे प्रदेश में 2382 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
गौरतलब है कि इससे पहले 11 फरवरी 2024 को भी यह परीक्षा हुई थी, लेकिन पेपर लीक हो जाने के कारण उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को वह परीक्षा रद्द करनी पड़ी थी।
परीक्षा में सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारियां
सेक्टर मजिस्ट्रेट को कोषागार से प्रश्न पत्रों के गोपनीय ट्रंक प्राप्त करने होंगे, जिन्हें परीक्षा केंद्र पर व्यवस्थापक, सह व्यवस्थापक और लाइव सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में स्टैटिक मजिस्ट्रेट को सौंपा जाएगा। सेक्टर मजिस्ट्रेट की निगरानी में ट्रंक खोला जाएगा, प्रश्न पत्र बांटे जाएंगे और बचे हुए प्रश्न पत्रों को वहीं सील किया जाएगा। परीक्षा समाप्त होने के बाद गोपनीय बंडलों को स्टैटिक मजिस्ट्रेट से प्राप्त कर उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के काउंटर पर जमा कराने की पूरी जिम्मेदारी भी सेक्टर मजिस्ट्रेट की होगी।
लापरवाही पर सख्त कार्रवाई
परीक्षा आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार कराई जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही या उल्लंघन की स्थिति में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी पर्यवेक्षकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि परीक्षार्थी अपनी ओएमआर शीट और प्रश्न पत्र पर अंकित बारकोड का सही से मिलान कर लें, ताकि किसी भी तकनीकी गलती या गड़बड़ी से बचा जा सके। प्रशासन की ओर से साफ कहा गया है कि परीक्षा में अनुशासन और निष्पक्षता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
इन बातों का रखें खास ध्यान
उम्मीदवार अपना एडमिट कार्ड ले जाना बिल्कुल न भूलें। अभ्यर्थियों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य है, क्योंकि देरी की स्थिति में प्रवेश नहीं मिलेगा।
प्रवेश पत्र के साथ वैध फोटो पहचान पत्र लाना अनिवार्य है। परीक्षा केंद्र पर मोबाइल, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण की अनुमति नहीं होगी।
परीक्षार्थियों को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी अन्य अभ्यर्थी से पेन या कोई सामग्री साझा न करें और आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो सके।