दुनिया के दो दिग्गज टेनिस स्टार स्विटजरलैंड के रोजर फेडरर और स्पेन के राफेल नदाल आमने सामने थे और मुकाबला बेहद कड़ा। लोगों का जोश उफान पर था और जैसे ही फेडरर ने पांचवां और निर्णायक सेट जीता, स्टेडियम में शोर तेज हो गया।
तालियों की गड़गड़ाहट के बीच फेडरर की आंखों से भी खुशी के आंसू बहने लगे। स्टेडियम में बैठे सभी लोग अपनी अपनी सीटों से खड़े हो गए और इस महान खिलाड़ी का अभिनंदन किया।
स्विस स्टार और उनके प्रशंसकों का आखिरकार पांच साल का लंबा इंतजार भी थम गया। 35 साल के फेडरर ने मेलबर्न पार्क में नदाल को 6-4, 3-6, 6-1, 3-6, 6-3 से हराकर ऑस्ट्रेलियन ओपन पुरुष एकल खिताब अपने नाम किया।
तीन घंटे और 37 मिनट के कड़े संघर्ष के बाद अपने कैरियर का पांचवां ऑस्ट्रेलियन आपन खिताब जीतने की खुशी फेडरर के चेहरे पर साफ झलक रही थी। फेडरर 18वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतकर ऑलटाइम पुरुष मेजर खिताब विजेताओं की सूची में शीर्ष पर कायम हैं। उन्होंने इससे पहले 2010 में ऑस्ट्रेलिया में खिताब अपने नाम किया था।
ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज टेनिस खिलाड़ी रोड लेवर भी फाइनल मुकाबला देखने के लिए स्टेडियम में मौजूद थे और उन्होंने फेडरर को विजेता ट्रॉफी प्रदान की।