कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को जिले में रोड शो कर किसानों और युवाओं को रिझाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर एक मिनट में किसानों के सारे कर्ज माफ कर दिए जाएंगे।
बिजली का बिल आधा कर दिया जाएगा और कृषि उत्पादों का समर्थन मूल्य बढ़ाया जाएगा। तय समय से करीब दो घंटे देरी से दोपहर करीब डेढ़ बजे शाहगंज से शुरू हुई राहुल गांधी की यात्रा शाम 4:15 बजे भंडारी स्टेशन पहुंची। इस दौरान कई स्थानों पर उन्होंने किसान रथ से ही लोगों को संबोधित किया।
नगर कोतवाली चौराहे पर मौजूद भारी भीड़ के बीच उन्होंने युवाओं से सीधा संवाद किया। बताया, केंद्र की मोदी सरकार ने एक लाख 10 हजार करोड़ रुपये माफ किए हैं लेकिन यह कर्ज किसी किसान या गरीब का नहीं है। मोदी ने देश के सबसे बड़े उद्योगपति अडानी का कर्ज माफ किया है। एक व्यक्ति जो खरबपति है।
उसे एक लाख 10 हजार करोड़ का लाभ मोदी सरकार ने दिया है। उन्होंने अपनी यात्रा का मकसद बताते हुए कहा कि वह देवरिया से दिल्ली की यात्रा पर यह बताने के लिए निकले हैं कि कर्ज के बोझ से दबे किसान आत्महत्या करने के लिए मजबूर हो रहे हैं और केंद्र सरकार को उनकी चिंता नहीं है।
देश के युवा, जनता त्रस्त है और मोदी मस्त है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी किसी गरीब या किसान को गले नहीं लगाते। वह हवाई जहाज में बैठकर अमेरिका, रूस, जापान का दौरा करते हैं और वहां के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को गले लगाते हैं।