फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

New Year 2025: भारत-पाकिस्तान महामुकाबले से लेकर प्रयागराज महाकुंभ और चंद्र मिशन तक; इस साल क्या-क्या होगा?

Wed, 01 Jan 2025 01:52 PM IST
अभिषेक दीक्षित न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: अभिषेक दीक्षित Updated Wed, 01 Jan 2025 01:52 PM IST
सार

नए साल से हर किसी की कई उम्मीदें हैं। व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं के साथ लोगों खेल, राजनीति जैसे कई क्षेत्रों से भी कई उम्मीदें हैं। ऐसे में इस साल बहुत कुछ होगा, कई नए मौके आएंगे। ऐसे में अमर उजाला आपको बता रहा है कि 2025 में देश में राजनीति, खेल, सिनेमा से लेकर कूटनीति, धर्म और विज्ञान जगत में ऐसी कौन सी बड़ी घटनाएं होने वाली हैं, जिन पर सभी की नजर बनी रहेगी…

विज्ञापन
New Year 2025 Politics Sports Science and Astrology Key Things Importance in Upcoming Year
इस साल क्या-क्या अहम होगा? - फोटो : Amar Ujala

जिंदगी की आपाधापी के बीच साल 2024 गुजर गया। अब नए साल से कई उम्मीदें हैं। इस साल बहुत कुछ होगा, कई नए मौके आएंगे। बहुत कुछ पहली बार भी होगा। ऐसे में अमर उजाला आपको बता रहा है कि 2025 में देश में राजनीति, खेल, सिनेमा से लेकर कूटनीति, धर्म और विज्ञान जगत में ऐसी कौन सी बड़ी घटनाएं होने वाली हैं, जिन पर सभी की नजर बनी रहेगी…

loader
New Year 2025 Politics Sports Science and Astrology Key Things Importance in Upcoming Year
चुनाव और उपचुनाव - फोटो : Amar Ujala

राजनीति किस करवट बैठेगी?
सियासी नजरिए से भारत में यह साल काफी अहम होने वाला है। देश में इस साल दो राज्यों के विधानसभा चुनाव होने हैं। जहां फरवरी में राजधानी में चुनाव होने हैं, तो वहीं अक्तूबर-नवंबर में बिहार में विधानसभा चुनाव होंगे। अभी दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी की सरकार है जिसकी मुखिया आतिशी हैं। बिहार में एनडीए की सरकार है जिसमें भाजपा, जदयू और हम सहयोगी दल हैं। बिहार में पिछले कई वर्षों से नीतीश कुमार मुख्यमंत्री हैं।  

इसके अलावा पश्चिम बंगाल की बशीरहाट लोकसभा सीट के लिए 2025 में उपचुनाव संभव है। देश भर में पांच राज्यों में विधानसभा उपचुनाव संभव है जिनमें उत्तर प्रदेश (मिल्कीपुर), जम्मू-कश्मीर (बडगाम और नगरोटा), गुजरात (विसावदार), तमिलनाडु (इरोड पूर्व) और केरल (देवीकुलम) शामिल हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
New Year 2025 Politics Sports Science and Astrology Key Things Importance in Upcoming Year
भारतीय टीम - फोटो : अमर उजाला

खेलो की दुनिया में कहां क्या होगा?
खेल की दुनिया साल 2025 में भी काफी व्यस्त रहने वाली है। साल के अहम खेल आयोजनों में से एक, चैंपियंस ट्रॉफी है जिसका पाकिस्तान और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) सह-मेजबानी करेंगे। टूर्नामेंट की शुरुआत 19 फरवरी से होगी जबकि फाइनल 9 मार्च को खेला जाएगा। भारतीय क्रिकेट टीम के लिए टी-20 विश्वकप के बाद एक और आईसीसी ट्रॉफी उठाने का मौका होगा।

आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (2023-25 का फाइनल भी इसी साल होना है। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भारत के पहुंचने की उम्मीदें अभी भी बरकरार हैं।

हर साल की तरह 2025 में महिला और पुरुष आईपीएल भी खेल प्रेमियों का भरपूर मनोरंजन करेंगे। इंडियन प्रीमियर लीग का 18वां संस्करण 14 मार्च से 25 मई 2025 तक आयोजित होगा। वहीं 21 फरवरी 2025 से डब्ल्यूपीएल शुरू होगा।

भारत साल 2025 में होने जा रहे महिला एकदिवसीय विश्व कप की मेजबानी करेगा। भारत में इससे पहले 2013 में महिला विश्वकप हुआ था। मुंबई में खेले गए फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को हराकर खिताब जीता था।

भारत 2025 में पहली बार विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा। यह विश्व का सबसे बड़ा एकल पैरा खेल आयोजन है और इसका आयोजन 26 सितम्बर से 5 अक्तूबर तक नई दिल्ली में किया जाएगा। भारत में महिला क्रिकेट विश्व कप खेल सत्र की शुरुआत करने वाले मुख्य टूर्नामेंटों में से एक है।

New Year 2025 Politics Sports Science and Astrology Key Things Importance in Upcoming Year
मिशन मून 2025 - फोटो : Amar Ujala

अंतरिक्ष में कितना ऊंचा जाएगा देश?
अंतरिक्ष के क्षेत्र में हर साल की तरह 2025 में भी भारत नए कीर्तिमान गढ़ेगा। मार्च 2025 में नासा और इसरो निसार उपग्रह को लॉन्च करने की तैयारी कर रहे हैं। उपग्रह को अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के बीच सहयोग के तहत बनाया गया है। NISAR का मतलब है NASA-ISRO सिंथेटिक अपर्चर रडार। उपग्रह को आंध्र प्रदेश के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से लॉन्च किया जाना है।

इसे हर 12 दिनों में पृथ्वी की लगभग पूरी भूमि और बर्फ की सतहों की निगरानी करने के लिए बनाया गया है। यह पारिस्थितिकी तंत्र, भूमि और समुद्री बर्फ और ठोस पृथ्वी में होने वाले बदलावों को ट्रैक करेगा। निसार लगभग 40 फीट (12 मीटर) व्यास वाले ड्रम के आकार के रिफ्लेक्टर एंटीना के साथ रडार डेटा जुटाएगा। यह पृथ्वी की भूमि और बर्फ की सतहों में एक इंच तक के बदलाव का निरीक्षण करने के लिए निसार नामक सिग्नल-प्रोसेसिंग तकनीक का इस्तेमाल करेगा।

इसके अलावा निसार, मिशन बायोमास, कुदरती खतरों, समुद्र के स्तर में बढ़ोतरी और भूजल के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए पृथ्वी के बदलते पारिस्थितिक तंत्र, गतिशील स्तरों और बर्फ के द्रव्यमान को मापेगा और अन्य तरह की तकनीकी सहायता भी देगा।

निसार के आलावा 2025 में छह और उपग्रह भी लॉन्च लिए जाएंगे। इसरो नेवी के लिए GSAT-7R, आर्मी के लिए GSAT-7B, ब्रॉडबैंड व इन-फ्लाइट कनेक्टिविटी के लिए GSAT-N2, डिफेंस, पैरामिलैट्री, रेलवे, फिशरीज के लिए GSAT-N3 के अलावा गगनयान के साथ संपर्क बनाए रखने के लिए दो उपग्रह प्रक्षेपित करेगा। इसके साथ ही छह निगरानी उपग्रह भी लांच किए जाएंगे।

2025 में लोगों की नजर भारत के महत्वाकांक्षी गगनयान मिशन पर भी रहेगी। देश का पहला मानव अंतरिक्ष यान कार्यक्रम 2025 की शुरुआत में रोबोट व्योम मित्र के साथ अंतिम परीक्षण उड़ान से गुजरने के लिए तैयार है। इससे 2026 में गगनयान के जरिए पहले भारतीय मानव को अंतरिक्ष में भेजा जा सकेगा।

विज्ञापन
New Year 2025 Politics Sports Science and Astrology Key Things Importance in Upcoming Year
पीएम मोदी - फोटो : नरेंद्र मोदी, इंस्टाग्राम

कूटनीति में भारत के लिए क्या मौके होंगे?
कूटनीति के मोर्चे पर भी यह साल भारत के लिए काफी अहम साबित होने वाला है। दुनिया में कई हिस्सों पर जारी संघर्ष और पर्यावरण जैसे ज्वलंतशील मुद्दों के चलते साल 2025 काफी अहम रहने वाला है। 2025 में कई वैश्विक शिखर सम्मेलन होंगे जिनमें दुनिया के सामने उभरती चुनौतियों के समाधान पर चर्चा होगी।

4 से 20 जनवरी के बीच दावोस (स्विटजरलैंड) में विश्व आर्थिक मंच की बैठक होगी जिसमें एक बार फिर तकनीक एजेंडे में होगी। दावोस में व्यवसाय, सरकार और नागरिक समाज के वैश्विक नेता मिलेंगे जिसमें भारतीय प्रतिनिधिमंडल भी शामिल होगा।

जून में कनाडा के अलबर्टा में ग्रुप ऑफ सेवन (G7) शिखर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा जिसमें अधिक समावेशी अर्थव्यवस्थाओं की ओर बढ़ने, जलवायु परिवर्तन के बढ़ते नकारात्मक प्रभावों का मुकाबला करने और उभरती प्रौद्योगिकियों को विनियमित करने को प्राथमिकता दिया जाएगा। यह संभावना है कि 2025 का शिखर सम्मेलन में पश्चिमी एशिया में सुरक्षा और स्थिरता एजेंडे पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

इस वर्ष संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) की 80वीं बैठक है और दुनिया के सबसे बड़े वार्षिक सम्मेलन में उच्च-स्तरीय नेताओं और नागरिक समाज के लोगों के बीच चर्चा के लिए बहुत कुछ होगा। 9-23 सितंबर तक न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक होगी। आंकड़े कहते हैं कि विस्थापन, संघर्ष, गरीबी और भुखमरी बढ़ रही है और सतत विकास के लिए 2030 एजेंडा द्वारा निर्धारित एसडीजी बुरी तरह से पटरी से उतर गए हैं।

जलवायु परिवर्तन पर संयुक्त राष्ट्र फ्रेमवर्क कन्वेंशन की 30वीं बैठक (COP30) 10-21 नवंबर तक ब्राजील के अमेजन वर्षावन में हो रही है। इसमें बढ़ते ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन से महत्वपूर्ण आवास को होने वाले खतरे पर विशेष जोर दिया जाएगा।

ग्रुप ऑफ ट्वेंटी (जी20) शिखर सम्मेलन पहली बार किसी अफ्रीकी देश में आयोजित किया जाएगा और पिछले साल अफ्रीकी संघ के प्रमुख और उभरती अर्थव्यवस्थाओं की इस वार्षिक बैठक में शामिल होने के बाद यह शिखर सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। 3-22 नवंबर तक जोहान्सबर्ग में आयोजित होने वाला यह लगातार चौथा साल होगा जब वैश्विक दक्षिण के किसी देश ने अध्यक्षता संभाली है। दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा ने 'एकजुटता, समानता और स्थिरता' थीम के तहत एक एजेंडा पेश किया है जो ब्राजील, भारत और इंडोनेशिया में हाल ही में जी20 बैठकों में संबोधित किए गए मुद्दों पर आधारित है।

2025 में मलेशिया के कुआलालंपुर में आसियान और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। आसियान शिखर सम्मेलन में सतत विकास, जलवायु परिवर्तन, डिजिटलीकरण और लैंगिक समानता को प्राथमिकता देते हुए 20 वर्षीय रोडमैप तैयार किया जाएगा। साथ ही आसियान सदस्यों को अन्य अहम मुद्दों, खास तौर पर म्यांमार में गृह युद्ध और दक्षिण चीन सागर में तनाव को दूर करने के तरीके खोजने पर चर्चा की जाएगी।

2024 में जी20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने वाला ब्राजील 2025 में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा। शिखर सम्मेलन में अपने चार नए सदस्यों और 13 भागीदार देशों का दूसरी बार स्वागत किया जाएगा और संभवतः इस समूह का और विस्तार करने पर विचार किया जाएगा। बांग्लादेश और वेनेजुएला जैसे 30 से ज्यादा देशों ने इसमें शामिल होने में रुचि दिखाई है। ब्राजील के जी20 एजेंडे का अधिकांश हिस्सा ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने की उम्मीद है, खासकर इसकी आर्थिक प्राथमिकताएं।

विज्ञापन
अगली फोटो गैलरी देखें

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

Followed