आज दुनियाभर में चौथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। इस मौके पर दुनिया में योग को एक नई ऊंचाई देने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद देहरादून में करीब 55 हजार लोगों के साथ मिलकर योग किया। लेकिन हम आपको बता रहे हैं इस खास दिन पर पूरे देश में क्या-क्या हलचल रही।
इस मौके पर उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने कहा कि योग भारत की ओर से दुनिया को दिया गया अनमोल तोहफा है। उन्होंने इसे विद्यालयों के पाठ्यक्रम में योग को शामिल करने की जरूरत पर बल दिया और कहा कि इससे ‘एक स्वस्थ राष्ट्र बनाने’ में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सकारात्मक विचारों के लिए योग करना बेहद महत्वपूर्ण है। यदि इसे विद्यालयों के पाठ्यक्रम में शामिल किया जाये तो एक स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण संभव है। बदल रही जीवन शैली में तनाव से मुक्त होने में भी योग मदद करेगा।
प्रधानमंत्री ने योग को ‘अंतरराष्ट्रीय आंदोलन’ बनाया
वहीं केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने योग को ‘अंतरराष्ट्रीय आंदोलन’ बना दिया है। नकवी ने रांची के धुरवा में प्रभात तारा मैदान में झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास के साथ योग कार्यक्रम में भाग लिया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘योग धर्म, देश, भाषा की दीवारों को तोड़कर स्वस्थ मन-मस्तिष्क के साथ इंसान को इंसानियत के मूल्यों के साथ एकता के सूत्र में बांधने में मददगार साबित हो रहा है।’’
कोचिंग के केंद्र कोटा ने योग का विश्व रिकॉर्ड बनाया
राजस्थान के कोटा में इस मौके पर सबसे बड़े योग सत्र का आयेाजन कर विश्व रिकॉर्ड बनाया गया। इस सत्र में एक लाख से अधिक लोगों ने एक साथ योग अभ्यास किया।
योग गुरू रामदेव के योग सत्र में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, मंत्री, अधिकारी और स्थानीय लोग शामिल हुए। आरएसी मैदान में हुए इस कार्यक्रम का गवाह बनने के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के दो अधिकारी यहां मौजूद थे।