गाजियाबाद के वैशाली सेक्टर-2 में स्थित निजी बैंक के एटीएम में तकनीकी खराबी के चलते बृहस्पतिवार शाम नोटों की बारिश हो गई। दो हजार निकालने आए युवकों को जब 20 हजार निकले तो छीनाझपटी हो गई।
लोगों ने दी पुलिस को सूचना
शोर और एटीएम में झगड़ा होता देख आसपास के लोगों ने पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने एटीएम बंद करवा दिया। तकनीकी टीम ने पहुंचकर शुक्रवार को एटीएम की मरम्मत की।
2 हजार की जगह निकले 20 हजार रुपये
वैशाली सेक्टर-2 स्थित निजी बैंक के एटीएम से बृहस्पतिवार शाम कुछ युवक रुपये निकालने पहुंचे थे। एक युवक ने दो हजार रुपये निकाले तो 20 हजार रुपये निकल गए। जबकि उसके मोबाइल पर सिर्फ दो हजार निकलने का मैसेज आया।
4 की जगह निकले 40000 रुपये
इसके बाद इस व्यक्ति के साथ आए उसके दोस्तों ने भी एटीएम से रुपये निकालने लगे और उन्होने चार हजार निकालने के लिए एटीएम मशीन का बटन दबाया तो 40 हजार निकले। इस बीच तीन-चार युवकों के बीच रुपये निकालने को लेकर छीनाझपटी हो गई।
पुलिस ने बंद करवाया एटीएम
शोर मचता देख वहां भीड़ जुट गई और लोगों ने पुलिस को मामले की सूचना दी। इसके बाद युवक रुपये लेकर भाग खड़े हुए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एटीएम बंद करवा दिया और बैंक को मामले की सूचना दी।