पिछले कुछ महीनों से सोशल मीडिया पर राहुल गांधी और कांग्रेस खासे एक्टिव हैं। दोनों के ही अकाउंट से केंद्र की मोदी सरकार पर हमला करने के नए-नए तरीके निकाले जा रहे हैं। ऐसे में बीते दिनों सवाल भी उठे थे कि आखिर राहुल गांधी के ट्वीट करता कौन है? इस सवाल का जवाब आज आप जान जाएंगे-
राहुल गांधी के ट्विटर पर हुए नए अवतार के पीछे दिव्या स्पंदना का हाथ है। इन्हें रम्या भी कहा जाता है। वह राजनीति में आने से पहले कन्नड़ फिल्मों में काम किया करती थीं।
रम्या को इस साल मई में राहुल गांधी ने ही कांग्रेस की सोशल मीडिया युनिट का प्रमुख बनाया था। अब जानकारी मिली है कि राहुल के अकाउंट से हो रहे ट्वीट की रणनीति भी यह ही तय करती हैं।
रम्या ने बताया था कि उन्होंने राज्यों के हिसाब से इंचार्ज बनाए हुए हैं जो वहां होने वाली रैलियों, सरकार की नई स्कीम, आपराधिक मामलों (महिला के खिलाफ खासकर) पर नजर रखते हैं।
उन मामलों को एकत्रित करके उनको कांग्रेस द्वारा सोशल मीडिया पर कैसे रखा जाए इसकी रणनीति रम्या और उनकी टीम ही बनाती है।