नाबालिग शिष्या से रेप मामले में जोधपुर कोर्ट ने आसाराम को उम्र कैद की सजा सुनाई है। वहीं मामले के अन्य दोषियों को 20-20 साल की सजा दी गई है। वहीं फैसला सुनाए जाने से पहले कांग्रेस ने पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल आईएनसी इंडिया से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आसाराम के साथ एक पुराना वीडियो शेयर किया है।
कांग्रेस ने वीडियो के कैप्शन के जरिए सीधा हमला बोला है। ट्वीट किए गए वीडियो के साथ टिप्पणी की गई है कि व्यक्ति की पहचान उसके आसपास रहने वालों से होती है। इस वीडियो में मोदी आसाराम के एक सत्संग कार्यक्रम के मंच पर मौजूद हैं। मोदी आसाराम से आशीर्वाद लेते हुए नजर आ रहे हैं।
इसमें मोदी आसाराम की तारीफ करते हुए कह रहे हैं कि जीवन में जब मुझे कोई नहीं जानता था, उस समय से आसाराम का आशीर्वाद मिलता रहा है। वहीं आसाराम भी मोदी की तारीफ में कह रहे हैं कि जब धर्म सत्ता और राज सत्ता मिलते हैं तो प्रजा का बेड़ा पार होता है।
आसाराम के जरिए कांग्रेस द्वारा पीएम मोदी को घेरने पर बॉलीवुड एक्टर फरहाम अख्तर ने कड़ी आलोचना की है।
उन्होंने ट्वीट किया 'आसाराम नाबालिग से रेप का दोषी है। लेकिन लोगों को पीएम मोदी और आसाराम की फोटो ट्वीटर पर शेयर करने से पहले यह सोचना चाहिए की वह उनके अपराधों को पहले से नहीं जानते थे इसलिए इस तरह की फोटो शेयर करने से लोगों को बचना चाहिए।'