Remedy For Control Hair Fall: फरवरी का महीना चल रहा है, ऐसे में बदलते मौसम में अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। जहां अभी तक लोगों की हालत ठंड से बेहाल थी, वहीं अब गर्मी से लोग परेशान होने लगे हैं। दिन के समय तो तेज धूप भी आने लगी है, जिस वजह से लोग काफी परेशान हैं। इस मौसम का असर सीधा-सीधा लोगों की त्वचा और उनके बालों पर पड़ने लगा है। ऐसे में बालों का झड़ना तो बेहद ही आम समस्या है।
Remedy For Control Hair Fall: बदलते मौसम में तेजी से झड़ने लगे हैं बाल तो इस्तेमाल करें ये घरेलू नुस्खे
अगर आप भी तेजी से झड़ते बालों से परेशान हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है। कुछ आसान और प्राकृतिक घरेलू नुस्खे अपनाकर आप बालों को मजबूत और घना बना सकते हैं।
मेथी और नारियल तेल आएगा काम
यदि आपके बाल लगातार झड़ रहे हैं तो इस मिश्रण का इस्तेमाल करें। दरअसल, नारियल तेल बालों के लिए प्राकृतिक कंडीशनर का काम करता है, जबकि मेथी में मौजूद तत्व बालों की जड़ों को मजबूत बनाते हैं। इस पैक के इस्तेमाल के लिए एक बड़ा चम्मच मेथी दानों को रातभर भिगोकर पीस लें। इसे गुनगुने नारियल के तेल में मिलाकर स्कैल्प पर लगाएं। हल्के हाथों से सिर की मसाज करें और 30 मिनट बाद हल्के शैंपू से धो लें।
आंवला और दही का मास्क
बालों के लिए आंवला काफी फायदेमंद माना जाता है। ऐसे में 2 चम्मच आंवला पाउडर में 2 चम्मच दही मिलाएं। इस पेस्ट को स्कैल्प पर लगाएं और आधे घंटे के लिए ऐसे ही छोड़ दें। ये बालों को जड़ से मजबूती देता है और झड़ने से भी रोकता है।
प्याज के रस में सल्फर होता है, जो बालों की जड़ों को मजबूत बनाता है। ऐसे में इसके इस्तेमाल से बाल झड़ना भी बंद हो जाता है। इसके इस्तेमाल के लिए एक प्याज को कद्दूकस करके उसका रस निकाल लें। इसे बालों की जड़ों में लगाकर 15-20 मिनट तक छोड़ दें। आखिर में बालों को शैंपू से धो लें।
एलोवेरा और नीम का पेस्ट भी कर सकते हैं इस्तेमाल
एलोवेरा स्कैल्प को हाइड्रेट करता है, जबकि नीम में एंटी-बैक्टीरियल गुण होते हैं, जो डैंड्रफ को खत्म करते हैं, जिससे बाल मजबूत होते हैं। ऐसे में इसके इस्तेमाल के लिए सबसे पहले एलोवेरा जेल और नीम की पत्तियों का पेस्ट बनाएं। अब इसे स्कैल्प पर लगाने के आधे घंटे के बाद बालों को धो लें।
डिसक्लेमर : इस लेख में दी गई सूचनाएं सामान्य जानकारियों पर आधारित हैं। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला इस लेख में दी गई जानकारी को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। त्वचा संबंधी किसी भी तरह की अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें।