कोरोना का कहर पूरी दुनिया पर फैला हुआ है। ऐसे में सावधानी के तौर पर लोगों को घर पर रहने की सलाह दी जा रही है। साथ ही बोला जा रहा है कि अपने सारे ऑफिस के काम घर से करने की कोशिश करें। जब हर किसी को वर्क फ्राम होम मिला हुआ है तो लोगों के पास समय भी बच रहा होगा। ऐसे में क्यों न अपने चेहरे और शरीर की कुछ देखभाल कर ली जाए। जिससे कि धूल, मिट्टी और प्रदूषण का असर चेहरे से साफ किया जा सके। तो चलिए बताते हैं कुछ खास ब्यूटी रूटीन जिनको फॉलो करके इस समय का सही इस्तेमाल करें और खुद को निखार सकें।
Coronavirus: 'वर्क फ्रॉम होम' के दौरान वापस पाएं चेहरे का नूर, इस तरह से करें त्वचा की देखभाल
ऐलोवेरा जेल का इस्तेमाल सबसे बढ़िया है। इसकी मदद से चेहरे के दाग-धब्बे को दूर किया जा सकता है। साथ ही इसमें मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट तत्व डैमेज स्किन को रिपेयर करते हैं। ऐलोवेरा जेल में नींबू को मिलाकर लगाना बहुत फायदेमंद रहता है। क्योंकि नींबू में मौजूद विटामिन सी मुंहासों को खत्म करने का काम करता है। ऐलोवेरा जेल का पैक बनाकर उसको चेहरे पर लगाने से फायदा होगा। इस पैक को बनाने के लिए सबसे पहले थोड़े से ऐलोवेरा जेल में एक छोटा चम्मच नींबू के रस को मिला लें। अब इसे चेहरे पर अच्छे से लगाकर मसाज करें और छोड़ दें। दस मिनट बाद चेहरो को हल्के गुनगुने पानी से धो लें। सप्ताह में दो से तीन बार इस पैक का इस्तेमाल करने से मुंहासों से छुटकारा मिल जाएगा।
दही तो लगभग हर घर में होती है। इसकी मदद से भी चेहरे पर निखार लाया जा सकता है। बस इसमें मुल्तानी मिट्टी का पैक बना लीजिए। पैक बनाने के लिए एक बड़े चम्मच मुल्तानी मिट्टी के पैक में दो चम्मच दही मिला लें। उसके बाद इसे चेहरे पर लगाकर थोड़ी देर के बाद धो लें। चेहरे पर जमी गंदगी को दूर कर कांतिमय बनाने में ये मदद करेगा।
काम की व्यस्तता के कारण बालों की देखभाल नहीं कर पाएं हैं तो नमक मिलाकर पानी में इससे बालों को धो लें। ऑइली स्कैल्प से जल्दी ही छुटकारा मिल जाएगा।
आंखों के नीचे होने वाले काले धब्बे से परेशान रहते हैं तो ये समय है कि इसे दूर किया जाए। घर पर रहते हुए कॉफी को इस काम के लिए इस्तेमाल करें। कॉफी से मास्क बनाने के लिए कॉफी, आलू का रस और मेकअप वाइप्स लें। अब आलू का रस निकालने के बाद मेकअप वाइप्स को एक के ऊपर एक मोड़ कर रख दें। अब इन वाइप्स पर एक चम्मच कॉफी पाउडर अच्छी तरह से छिड़कें। इसके बाद आलू के रस को चम्मच की मदद से इन वाइप्स पर कॉफी के ऊपर से डालें। चम्मच से ही कॉफी को इस रस में मिलाने की कोशिश करें लेकिन वाइप्स को ना हिलाएं। अब इस पैक को रात में बनाकर रख लें या फिर सुबह इसे बनाकर फ्रिज में एक घंटे के लिए रख दें। उसके बाद आंखों पर रखें और पंद्रह मिनट आंखें बंद करके लेट जाएं। इस मास्क से न केवल आंखों की सूजन दूर होती है बल्कि काले घेरे की परेशानी भी दूर होती है।