ओटीटी के शौकीनों के लिए इस हफ्ते ढेर सामग्री है। इसमें एक्शन है, रोमांस है, ड्रामा है, थ्रिलर है और बच्चों के लिए एनिमेशन भी है। उधर, सिनेमाघरों में इस हफ्ते ऋचा चड्ढा 'मैडम चीफ मिनिस्टर' बन कर आएंगी। इस हफ्ते की जिस वेब सीरीज पर सबकी नजरें टिकी रहेंगी, वह है जी5 पर रिलीज होने जा रही अमित साध की वेब सीरीज ‘जीत की जिद’। और, क्या है इस हफ्ते मनोरंजन के पिटारे में। आइए देखते हैं।
This Week On OTT: देश प्रेम के मुकाबले में एकता कपूर लाईं ‘गंदी बात’, बाकी ये रहा पूरा ओटीटी कैलेंडर
19 जनवरी
नेटफ्लिक्स मंगलवार को अपने प्लेटफॉर्म बच्चों के बीच मशहूर एनिमेशन वेब सीरीज 'हैलो निंजा' के चौथे सीजन से हो रही है। यह कहानी है दो जिगरी दोस्त वीज्ली और जॉर्जी की जो अपनी बेवकूफ बिल्ली के साथ निंजा बन जाते हैं और एक जादुई दुनिया में कदम रखते हैं। वहां उन्हें कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। और उन दिक्कतों से उबर कर वह अपने आपको और दूसरों को बचाते हैं।
20 जनवरी
बुधवार को नेटफ्लिक्स अपनी पॉलिटिकल डॉक्यूमेंट्री सीरीज 'स्पाईक्राफ्ट' का प्रीमियर करेगा। इसी दिन नेटफ्लिक्स अपनी एक और वेब सीरीज 'डॉटर फ्रॉम अनदर मदर' को रिलीज करेगा जो मूल रूप से मैक्सिकन भाषा में बनी है। यह कहानी है दो बच्चों की मांओं की जिनके बच्चे जन्म के समय बदल जाते हैं। जब उन्हें इस बात का पता चलता है तो वह दोनों मांएं मिलकर एक अलग जिंदगी बसाती हैं।
21 जनवरी
बृहस्पतिवार के दिन एकता कपूर एक बार फिर से वह करने वाली हैं जिसके लिए वह अब मशहूर हैं। वह अपनी सेमी पॉर्न वेब सीरीज 'गंदी बात' का छठा सीजन रिलीज करेंगी, वह भी अपने ओटीटी प्लेटफॉर्म ऑल्ट बालाजी पर। वैसे तो अब तक एकता अपनी इस वेब सीरीज के जरिए देश के ग्रामीण इलाकों की कामुक कहानियों को दिखाती रही हैं। लेकिन, इस बार ट्रेलर से पता चलता है कि वह कुछ अलग करने की फिराक में हैं।
21 जनवरी
एरॉस नाउ बृहस्पतिवार को अपनी एक ओरिजिनल फिल्म 'जामुन' का प्रीमियर करेगा। इस फिल्म में एक पिता का संघर्ष दिखाया गया है जो अपनी बेटी के लिए एक सही लड़का खोजने में जुटा हुआ है। लड़की की आंखों में थोड़ा अंतर है इसलिए उसे ज्यादातर जगहों से नकार दिया जाता है। फिल्म में रघुवीर यादव, श्वेता बसु प्रसाद, सनी हिंदूजा, सौरभ गोयल और कृष्णा बिष्ट जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं।