छोटे परदे पर साल का दूसरा महीना भी काफी रोचक होने वाला है। इस महीने में जहां मशहूर सिंगिग रियलिटी शो सारेगामापा लिटिल चैंप्स की वापसी हो रही है, वहीं इसी महीने इंडियाज बेस्ट डांसर भी आपके छोटे परदे पर नजर आएगा। इसके अलावा भी कुछ और शोज आपके मनोरंजन की तैयारी में हैं।
फरवरी के लिए छोटे परदे की खास तैयारी, खतरों के खिलाड़ी और डायन के अलावा ये शोज देंगे दस्तक
सारेगामापा लिटिल चैंप्स 8
यह एक सिंगिंग रियलिटी शो है जिसमें बच्चे अपनी आवाज का जादू मंच से खड़े होकर बिखेरते हैं। यह इसका आठवां सीजन होगा और जय भानुशाली इसकी मेजबानी करेंगे। कुमार शानू, उदित नारायण और अलका याग्निक जैसे मशहूर गायक इस शो के जज होंगे। इस शो के लिए ऑडिशंस शुरू हो चुके हैं। ऑडीशंस वाले शहरों की लिस्ट में गुवाहाटी, कोच्चि, भुवनेश्वर, कोलकाता, दिल्ली, जयपुर, नागपुर, मुंबई, बेंगलुरु, इंदौर, गोआ, लखनऊ, चंडीगढ़ आदि शहर शामिल हैं।
डायन
सुपरनैचुरल शक्तियों वाला यह धारावाहिक जी के ही चैनल एंड टीवी के बाद अब जी टीवी पर प्रसारित किया जाएगा। शो के कलाकारों और उसकी पृष्ठभूमि में कोई बदलाव नहीं किया गया है। एकता कपूर के प्रोडक्शन में बने इस धारावाहिक में प्रिय बठीजा, टीना दत्ता और मोहित मल्होत्रा मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।
दादी अम्मा दादी अम्मा मान जाओ
यह धारावाहिक एक दादा दादी के जोड़े और उनकी पोतियों पर आधारित है। हाल ही में इसका एक प्रोमो जारी किया गया है दादा अखबार पढ़ रहे हैं और दादी अपनी पोतियों के साथ ऊंची एड़ी के सैंडल पहनकर अपना संतुलन बनाने की कोशिश कर रही हैं। यह एक पारिवारिक कॉमेडी ड्रामा है जिसमें शीन दास, सीमा बिस्वास और मोहन जोशी मुख्य भूमिका में दिखेंगे।
इंडियाज बेस्ट डांसर
जी के इंडियाज बेस्ट ड्रामेबाज की तर्ज पर सोनी अब इंडियाज बेस्ट डांसर नाम से एक रियलिटी शो लेकर आ रहा है। कॉमेडियन भारती सिंह और उनके पति हर्ष लिंबाचिया इस शो को होस्ट करेंगे। अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा, कोरियोग्राफर गीता कपूर और टेरेंस लुइस इस शो के जज होंगे। यह शो 15 साल से ऊपर की उम्र के लोगों को मौका देगा।