मशहूर कॉमेडी सीरियल ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ लगातार कई सालों से लोगों का मनोरंजन कर रहा है। यह सिलसिला अभी भी जारी है। शो की लोकप्रियता के पीछे एक बड़ा कारण इसके कलाकार भी हैं। हर एक कलाकार का अपना एक अलग अंदाज है। साल 2008 से शुरू हुए इस कार्यक्रम के किरदार लोगों में दिलों में इस कदर बस चुके हैं कि इन्हें किसी और भूमिका में सोचना बहुत कठिन है। लेकिन आप में से बहुत कम को ही पता होगा कि आपके इन पसंदीदा सितारों ने किन कार्यक्रम के जरिए अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। तो आइए जानते हैं तारक मेहता से पहले किन शो का हिस्सा थे ये कलाकार-
टीवी: इन शोज में काम कर चुके हैं गोकुलधाम वासी, फिल्मों का हिस्सा भी रह चुके हैं ये कलाकार
दिशा वकानी (दयाबेन)
शो में अपनी कॉमेडी से सभी को हंसाने वालीं दयाबेन यानी दिशा वकानी ने साल 2002 में प्रसिद्ध कॉमेडी सीरियल 'खिचड़ी' से टेलीविजन पर शुरुआत की। इसके बाद वह साल 2004 में 'आहट' जैसे कार्यक्रम का भी हिस्सा रहीं, जिससे उन्हें पहचान मिली। इसके अलावा दिशा कई गुजराती नाटकों और बॉलीवुड फिल्मों का भी हिस्सा रह चुकी हैं।
मुनमुन दत्ता (बबीता जी)
शो में बबीता अय्यर यानी बबीता जी का किरदार करने वालीं मुनमुन दत्ता ने साल 2004 में टीवी शो 'हम सब बाराती' के जरिए टेलीविजन पर डेब्यू किया था। इस शो में दिलीप जोशी भी थे। इसके अलावा मुनमुन बॉलीवुड की कुछ फिल्मों का हिस्सा भी रह चुकी हैं।
शैलेश लोढ़ा (तारक मेहता)
कॉमेडी शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में जेठालाल के सबसे अच्छे दोस्त और लेखक का रोल करने वाले तारक मेहता यानी शैलेश लोढ़ा ने साल 2007 में पॉपुलर 'कॉमेडी शो', 'कॉमेडी सर्कस' में एक प्रतिभागी के रूप में टेलीविजन पर अपनी शुरुआत की थी।
श्याम पाठक (पोपटलाल )
शो में तूफान एक्सप्रेस के वरिष्ठ पत्रकार पोपटलाल का किरदार निभाने वाले श्याम पाठक ने साल 2008 में ‘जसुबेन जयंतीलाल जोशी की ज्वाइंट फैमिली’ सीरियल से टेलीविजन पर अपने करियर शुरुआत की थी। इसके बाद वह तारक मेहता का उल्टा चश्मा का हिस्सा बने। अपने टेलीविजन डेब्यू से पहले श्याम एक चीनी फिल्म भी कर चुके हैं।